बिहार में विभागों का बंटवारा, CM नीतीश ने अपने पास रखा गृह, सम्राट चौधरी को स्वास्थ्य मंत्रालय

बिहार में एनडीए की सरकार बने करीब छह दिन बाद मंत्रियों को विभाग का बंटवारा किया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर से गृह मंत्रालय अपने पास रखा है।

Updated: Feb 03, 2024, 03:54 PM IST

पटना। बिहार में जेडीयू, बीजेपी और हम को मिलाकर बनी एनडीए सरकार में मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर दिया गया है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर से गृह मंत्रालय और सामान्य प्रशासन जैसे अहम विभाग अपने पास रखा है। वहीं डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी को वित्त, वाणिज्य-कर, नगर विकास एवं आवास, स्वास्थ्य, खेल जैसे मंत्रालय दिए गए हैं। दूसरे डिप्टी सीएम विजय सिन्हा को कृषि, पथ निर्माण, राजस्व एवं भूमि सुधार जैसे मंत्रालय दिए गए हैं।

विजय कुमार चौधरी को जल संसाधन विभाग, संसदीय कार्य, भवन निर्माण, परिवहन, शिक्षा, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। विजेंद्र प्रसाद यादव के पास ऊर्जा, योजना एवं विकास, मद्य निषेध, उत्पाद एवं प्रबंधन, निबंधन, ग्रामीण कार्य, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग रहेगा। डॉ प्रेम कुमार के पास सहकारिता, पिछड़ा वर्ग एवं अति पिछड़ा वर्ग कल्याण, आपदा प्रबंधन, पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन, पर्यटन विभाग रहेगा।

इसके अलावा श्रवण कुमार के पास ग्रामीण विकास, समाज कल्याण, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग रहेगा। संतोष कुमार सुमन के पास सूचना प्रौद्योगिकी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति कल्याण विभाग रहेगा। सुमित कुमार सिंह के पास विज्ञान प्रौद्योगिकी की एवं तकनीकी शिक्षा विभाग रहेगा।

मंत्रीमंडल बंटवारे में जदयू को 19, बीजेपी को 23, हम को 2 और निर्दलीय को एक विभाग मिला है। सीएम नीतीश कुमार ने अपने विभाग में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं किया है। पिछले 20 वर्षों से गृह, निगरानी, निर्वाचन , मंत्रिमंडल निर्वाचन और सामान्य प्रशासन विभाग अपने पास रखते आ रहे हैं।जेडीयू ने उन सभी विभाग को अपने पास रखा है जो 2020 में एनडीए सरकार के गठन के दौरान उनके पास थे। ठीक यही फॉर्मूला भाजपा के लिए भी अपनाया गया है। भाजपा को सभी विभाग वापस लौटा दिए गए हैं जो उनके पास 2020 के दौरान थे।