हमीदिया अस्पताल के वार्ड बॉय-टेक्नीशियन की हड़ताल खत्म, सैलरी नहीं मिलने पर धरने पर बैठे थे
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि हमने डीन मैडम से मुलाकात की है। उन्होंने शुक्रवार तक सैलरी और बोनस देने का आश्वासन दिया है।

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित हमीदिया अस्पताल में कार्यरत कर्मचारियों की हड़ताल खत्म हाे गई है। दरअसल, मंगलवार को 500 से अधिक वार्ड बॉय और टेक्नीशियन हड़ताल पर चले गए थे। सुबह 7 बजे से ही सभी कर्मचारी अस्पताल के सामने धरने पर बैठे थे। देर शाम उन्होंने हड़ताल वापस लिया।
हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि हमने डीन मैडम से मुलाकात की है। उन्होंने शुक्रवार तक सैलरी और बोनस देने का आश्वासन दिया है। अगर शुक्रवार तक हमारी सैलरी नहीं आई तो हम लोग सोमवार को फिर से हड़ताल करेंगे।
बता दें कि हमीदिया अस्पताल में रोज 2500 से अधिक की ओपीडी रहती है। वहीं, 60 से अधिक मरीजों के ऑपरेशन होते हैं। ऐसे में वार्ड बॉय और टेक्नीशियन के हड़ताल पर जाने से अधिकांश स्वास्थ्य सुविधाएं प्रभावित होती हैं। इसके पहले भी ये कर्मचारी हड़ताल पर गए थे, तब उन्हें सैलरी मिली थी।
कर्मचारियों का कहना है कि दिवाली के समय हड़ताल के बाद तीन महीने का वेतन बड़ी मुश्किल से दिया था। अब फिर दो माह का वेतन रोक लिया है। जिससे कर्मचारियों के यहां आर्थिक संकट गहरा गया है। महंगाई के इस दौर में वैसे भी महज 8 हजार रुपए महीना मानदेय दिया जा रहा है। इसमें भी भुगतान में देरी हो रही है।
यह भी पढ़ें: डबरा में PWD इंजीनियर की चप्पल से पिटाई, रेस्ट हाउस में युवती के साथ कर रहा था दुर्व्यवहार
हड़ताल के बीच अस्पताल में भर्ती मरीज सिंह लोधी ने बताया कि मैं सोमवार रात से परेशान हूं। अभी तक कोई ड्रेसिंग नहीं कर रहा है, हड़ताल के चलते मुझे लगातार यह परेशानी हो रही है। डॉक्टर ने भी कहा है कि हड़ताल चल रही है इसलिए अभी पट्टी करवाना मुश्किल होगा।