MP में आज दो घंटे बंद रहेंगी स्वास्थ्य सेवाएं, कामबंद आंदोलन करेंगे प्रदेश के 10 हजार डॉक्टर्स

सरकारी डॉक्टरों ने अपनी माँगो को लेकर हड़ताल का ऐलान किया है, मंगलवार को दो घंटे कामबंद आंदोलन के बाद बुधवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाएंगे डॉक्टर्स

Updated: May 02, 2023, 10:18 AM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की शिवराज सरकार चुनावी साल में चौतरफा विरोध झेल रही है। प्रदेश के शासकीय डॉक्टरों ने भी अब राज्य सरकार के विरुद्ध मोर्चा खोल दिया है। प्रदेशभर के करीब 10 हजार डॉक्टर्स आज यानी मंगलवार को कामबंद आंदोलन करेंगे। वहीं, बुधवार से डॉक्टरों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है।

मध्य प्रदेश में सोमवार से सरकारी डॉक्टर्स का आंदोलन शुरू हो चुका है। पहले दिन डॉक्टरों ने काला पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शन के दुसरे दिन यानी आज शासकीय डॉक्टर्स दो घंटे काम नहीं करेंगे। सुबह 11 बजे से लेकर दोपहर 1 बजे तक डॉक्टरों का हड़ताल चलेगा। इस दौरान प्रदेशभर में स्वास्थ्य सेवाएं ठप रहेंगी। 1 बजे के बाद डॉक्टर काम पर लौटेंगे।

यह भी पढ़ें: MP में जारी रहेगा गरज-चमक के साथ बारिश का दौर, ग्वालियर-चंबल में ओलावृष्टि की संभावना

प्रदेश के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के अस्पताल, जिला अस्पताल समेत सीएचसी और पीएचसी के साथ ही सरकारी स्वास्थ्य संस्थाओं में पदस्थ डॉक्टर दो घंटे मरीजों को नहीं देखेंगे। यदि इसके बाद भी बात नहीं बनी तो बुधवार 3 मई से डॉक्टर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शनकारी डॉक्टर हड़ताल पर जाने की पूरी तैयारी कर चुके हैं।

शासकीय चिकित्सक महासंघ का कहना है कि, '3200 संविदा चिकित्सकों के साथ ही आईएमए, यूडीएफ के साथ ही प्राइवेट नर्सिंग होम एसोसिएशन ने भी हमें समर्थन दिया है। आज पूरे प्रदेश में करीबन 10 हजार चिकित्सक सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक काम नहीं करेंगे। सरकार के पास एक दिन का समय है... सरकार डॉक्टर्स के हित में फैसला ले। आज अगर मांगें नहीं मानी गईं तो कल से अनिश्चितकालीन हड़ताल होगी। इसके लिए सीधे तौर पर राज्य सरकार जिम्मेदार होगी।'

शासकीय चिकित्सा महासंघ के प्रमुख संयोजक डॉ. राकेश मालवीय ने कहा कि इस बार बिना लिखित आदेश के हम हड़ताल वापस नहीं लेंगे। प्रदेश के डॉक्टर्स केंद्र के समान समयबद्ध पदोन्नति यानि डीएसीपी (DCAP) लागू करने और मेडीकल वर्क में अधिकारियों की दखल अंदाजी बंद करने को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। दो महीने पहले भी उन्होंने आंदोलन का ऐलान किया था। हालांकि, तब सरकार की ओर से हाई पावर कमेटी गठित करने की बात कही गई थी। कमेटी के फैसलों से डॉक्टरों संतुष्ट नहीं हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने अब एक बार फिर से हड़ताल शुरू कर दिया है।