सिहोर में कमलनाथ के हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग, जयवर्धन सिंह और जेपी अग्रवाल भी थे साथ, सभी सुरक्षित

मौसम खराब होने के चलते नहीं मिला क्लियरेंस, सिहोर कॉलेज ग्राउंड में हुई कमलनाथ के हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग, विधायक जयवर्धन सिंह भी थे साथ, सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए

Updated: Sep 13, 2022, 01:16 PM IST

सिहोर। मध्य प्रदेश के कई जिलों में मॉनसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। इसका असर नेताओं के दौरों पर पड़ रहा है। मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ का हेलीकॉप्टर खराब मौसम में फंस गया। इस दौरान उनके साथ विधायक जयवर्धन सिंह और राज्य प्रभारी जेपी अग्रवाल भी हेलीकॉप्टर में मौजूद थे। मौसम बिगड़ने के कारण हेलीकॉप्टर की सीहोर में इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।

दरअसल, कमलनाथ मंगलवार को इंदौर और आगर-मालवा के दौरे पर थे। आगरा मालवा में एक जनसभा को संबोधित करने के उपरांत वे जेपी अग्रवाल और जयवर्धन सिंह को लेकर हेलीकॉप्टर से भोपाल के लिए रवाना हुआ। मौसम खराब होने के चलते हेलीकॉप्टर भोपाल नहीं जा सकता था। ऐसे में एयर ट्रैफिक ने उन्हें आगे की क्लियरेंस नहीं दी। हेलीकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग सिहोर के कालेज ग्राउंड में लैंडिंग कराई गई।

यह भी पढ़ें: भारत जोड़ो यात्रा का सातवां दिन, बारिश में भी कम नहीं हुआ उत्साह, दिग्विजय सिंह ने यात्रा का झंडा थामे बुजुर्ग के छुए पैर

हेलीकाप्टर की सेफ लैंडिंग के बाद कमलनाथ सड़क मार्ग से भोपाल के लिए रवाना हुए। उनके साथ जेपी अग्रवाल और जयवर्धन सिंह भी सड़क मार्ग से ही भोपाल रवाना हुए। इससे पहले आगर मालवा में जनसभा को संबोधित करते हुए कमलनाथ ने कहा कि, 'शिवराज सरकार में आज हर वर्ग दुखी है। प्रदेश के हज़ारों शिक्षक अपनी जायज़ माँगो को लेकर हड़ताल पर हैं। शिवराज सरकार उनकी माँगो को सुनने व मानने की बजाय, उनके दमन का रास्ता अपना रही है।'