छिंदवाड़ा में यूरिया के लिए किसानों का प्रदर्शन, वितरण केन्द्र में अव्यवस्था से दिखी नाराजगी
आक्रोषित किसान सड़क पर ही बैठ गए। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया गया कि तीन दिन की छुट्टी के बाद यूरिया वितरण शुरू होते ही भीड़ उमड़ पड़ी थी। सुबह से ही केंद्र पर लंबी कतारें लग गई थीं, लेकिन काउंटरों की कम संख्या और खराब व्यवस्था के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

छिंदवाड़ा। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में किसानों द्वारा खाद न मिलने पर चक्काजाम किया गया है। जिससे यहां सोमवार सुबह हंगामे की स्थिति बन गई। दरअसल हजारों की संख्या में किसान यूरिया लेने पहुंचे थे। जिसके बाद यहां यूरिया वितरण केन्द्र में अव्यवस्था बन गई थी। जिससे काफी किसानों में नाराजगी दिखी। आक्रोषित किसान सड़क पर ही बैठ गए। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि तीन दिन की छुट्टी के बाद यूरिया वितरण शुरू होते ही भीड़ उमड़ पड़ी थी। सुबह से ही केंद्र पर लंबी कतारें लग गई थीं, लेकिन काउंटरों की कम संख्या और खराब व्यवस्था के कारण किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बढ़ती भीड़ और अव्यवस्था के चलते किसानों ने धैर्य खो दिया और उन्होंने परासिया रोड पर सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
यह भी पढ़ें: सतना में यूरिया की किल्लत से किसान परेशान, रोपाई के एक महीने बाद भी नहीं मिल रही खाद
वहीं स्थिति बिगड़ती देख पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया। यहां तीनों थानों का बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए वज्र वाहन भी बुलाया गया। एसडीएम सुधीर जैन किसानों से बात करने पहुंचे थे। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि अतिरिक्त काउंटर खोले जाएंगे और व्यवस्था सुधारी जाएगी। आदेश मिलते ही अतिरिक्त काउंटर शुरू किए गए और धीरे-धीरे जाम समाप्त कराया गया।
किसानों के प्रदर्शन की सूचना पर कांग्रेस नेताओं ने मौके पर पहुंचकर आंदोलन को समर्थन दिया। परासिया विधायक सोहन वाल्मीकि, नगरपालिका अध्यक्ष सोनू मांगू, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओके, और नगर अध्यक्ष पप्पू यादव के साथ अन्य नेताओं ने किसानों से मुलाकात की। और उनकी मांगों को उचित बताते हुए प्रशासन से व्यवस्था में सुधार की मांग की है।