मज़दूरी माँगने पर मिली मौत, मेहनतकश की जान की कीमत 1200 रुपये

Gwalior Firing: ग्वालियर में श्रमिक की गोली मारकर हत्या, आरोपी के यहां किए काम के बदले 1200 रुपये मेहनताना मांगने पर गोलियों से भूना

Updated: Feb 04, 2021, 07:20 AM IST

Photo Courtesy:  tez news
Photo Courtesy: tez news

ग्वालियर। मज़दूरी मांगने पर मिली मौत। इंसानियत को शर्मसार करने वाली यह वारदात मध्य प्रदेश के ग्वालियर की है। आरोप है कि मुरार थाना क्षेत्र में एक मज़दूर की सिर्फ इसलिए गोली मारकर हत्या कर दी गई, क्योंकि उसने अपना मेहनताना मांग लिया था। मुरार थाने की पुलिस ने हत्या के आरोपी संजू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।

सीपी कॉलोनी में रहने वाले संजू तिवारी पर अमित वेग नाम के जिस शख्स की हत्या का आरोप है, वह फैब्रिकेशन का काम करता था। संजू ने कुछ दिन पहले अमित से कुछ काम करवाया था, लेकिन मजदूरी के 1200 रुपये दे नहीं रहा था। अमित ने कई बार पैसे मांगे लेकिन संजू पैसे देने में आनाकानी करता रहा।

बुधवार देर रात अमित ने एक बार फिर आरोपी संजू तिवारी से अपने पैसे मांगे। आरोप है कि संजू ने पहले तो उससे गाली गलौज की और फिर कट्टे से उस पर एक के बाद एक तीन फायर किए। अमित ने बचने की काफी कोशिश की, लेकिन एक गोली उसके पेट में लग गई। संजू तिवारी इसके बाद वहां से फरार हो गया। अमित का घर घटनास्थल के बिलकुल पास ही है। घरवाले फौरन उसे लेकर जयारोग्य अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।