सागर में होलिका की गोद में प्रह्लाद की झांकी, राजधानी में गोबर के कंडों की होली, हुड़दंग पर होगी कार्रवाई

रात 8 बजे होलिका दहन, पर्यावरण को बचाये रखने के लिए गोबर के कंडों की होली जलाई जा रही है

Updated: Mar 29, 2021, 04:52 AM IST

Photo courtesy: bhaskar
Photo courtesy: bhaskar

भोपाल। कोरोना काल की दूसरी होली की तैयारियां की जा रही हैं। राजधानी भोपाल में होने वाले बड़े आयोजन पर विराम है, 20 से ज्यादा लोगों को इकट्ठा होने की मनाही है, इसके बीच होलिका दहन भी है। सो इस बार आयोजकों ने मोहल्लों में छोटे- छोटे कार्यक्रम रखे हैं। जहां कम से कम लोग इकठ्ठा हो सकेंगे। प्रदूषण का ध्यान में रखते हुए इस बार गोबर के बने कंडों की होली जलाई जाएगी।

पांच दिवसीय रंगोत्सव का आरंभ  होलिका दहन के साथ हो रहा है। मध्यप्रदेश के सागर ज़िले में बाजार में होलिका दहन की तैयारी की गई है। यहां आयोजकों ने बुआ होलिका की गोद में भक्त प्रहलाद को बैठाकर झांकी तैयार की है। जो आकर्षण का केंद्र बनी है, रात 8 बजे भीतर बाजार में होलिका दहन किया जाएगा।

इस बार होलिका दहन पर भद्रा का साया नहीं रहेगा। शुभ मुहूर्त में रात 10 बजे के पहले शहर के सभी स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। क्योंकि रात 10 बजे से शहर में नाइट लाकडाउन शुरू होगा। होली पर्व पर इस बार भी कोरोना संक्रमण का खतरा है। इस कारण प्रशासन ने होली पर्व घरों में रहकर परिवार के साथ मनाने की अपील की है।

होली पर्व पर पंडित शिवप्रसाद तिवारी ने बताया कि इस बार होलिका दहन का शुभ मुहूर्त शाम 6.37 बजे से रात 8. 56 बजे तक का है। इधर, होलिका दहन कार्यक्रमों को लेकर पुलिस व प्रशासन ने तैयारी कर ली है। टीमें गठित कर अलग-अलग क्षेत्रों में तैनात की है। यह टीमें होलिका दहन के दौरान लोगों से कोरोना गाइडलाइन का पालन कराएंगी। साथ ही लोगों को घरों में रहकर होली खेलने के लिए जागरूक करेंगी।

प्रदेश भर में कोरोना का संक्रमण लगातार बढ़ता जा रहा है। संक्रमण को देखते हुए प्रशासन ने रोकथाम के लिए होली पर्व पर हुड़दंग मचाने और भीड़ लगाने वालों पर सख्ती की योजना बनाई है। 29 मार्च को धुलेंडी खेली जाएगी। सोमवार को पुलिस टीमें शहर के चप्पे-चप्पे पर तैनात रहेगी। इस दौरान बगैर किसी कारण यदि कोई सड़कों पर हुड़दंग मचाते या घूमते मिला तो पुलिस बाइक जब्त कर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई करेगी।