मध्य प्रदेश में तीन सीनियर IPS अफसरों का तबादला, वरुण कपूर बनाए गए DG जेल

निवर्तमान जेल डीजी जीपी सिंह रिटायर हो गए। ऐसे में यह पद खाली था और वरिष्ठता को देखते हुए वरुण कपूर को जेल की जिम्मेदारी दी गई है।

Updated: Jul 31, 2025, 08:13 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल देखने को मिला है। राज्य सरकार ने तीन वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अफसरों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस तबादले में वरुण कपूर को जेल महानिदेशक (डीजी) नियुक्त किया गया है। 

गृह विभाग ने गुरुवार को वरुण कपूर की नियुक्ति संबंधी इसके आदेश जारी कर दिए हैं। बता दें कि निवर्तमान जेल डीजी जीपी सिंह रिटायर हो गए। ऐसे में यह पद खाली था और वरिष्ठता को देखते हुए वरुण कपूर को जेल की जिम्मेदारी दी गई है।

वहीं, मोहम्मद शाहिद अबसार को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजी) चयन एवं भर्ती, पुलिस प्रशिक्षण अनुसंधान संस्थान (पीटीआरआई), और संचालक पुलिस अकादमी भौंरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शाहिद अबसार लंबे समय से आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ के महानिदेशक (EOW) के तौर पर भोपाल में जमे हुए थे। 

इसके अलावा मोहम्मद यूसुफ कुरैशी को आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) बनाया गया है। वहीं, आईपीएस चंद्रशेखर सोलंकी को वर्तमान में इंदौर रेंज विसबल पुलिस महानिरीक्षक के साथ इंदौर आरएपीटीसी पुलिस महानिरीक्षक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।