अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप से तबाही, 622 लोगों की मौत और हजारों घायल
अफगानिस्तान में रविवार रात 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें करीब 622 लोगों की मौत हुई है। वहीं 1500 से ज्यादा घायल हुए हैं।

काबुल। अफगानिस्तान में रविवार रात 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इसमें करीब 622 लोगों की मौत हुई है। वहीं 1500 से ज्यादा घायल हुए हैं। घायलों को नांगरहार और कुनार प्रांतों के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, भूकंप का केंद्र (एपिसेंटर) धरती से 160 किमी नीचे था। इसके झटके पाकिस्तान के इस्लामाबाद और एबटाबाद तक महसूस किए गए। भारतीय समयानुसार यह रात 12:47 बजे दर्ज किया गया।
पहले झटके के बाद लगातार आफ्टरशॉक्स आते रहे। इसमें 4.7, 4.3 औऱ 5.0 तीव्रता के झटके महसूस किए गए। इससे पहले अफगानिस्तान में 7 अक्टूबर 2023 को विनाशकारी भूकंप आया था। तालिबान सरकार ने इस भूकंप में 4 हजार मौतों का दावा किया था, जबकि संयुक्त राष्ट्र ने 1500 मौतों की पुष्टि की थी।
अफगानिस्तान में ताकतवर भूकंपों क इतिहास रहा है। भूकंप के लिहाज से हिंदूकुश पर्वतमाला एक्टिव माना जाता है, जहां हर साल भूकंप आते हैं। अफगानिस्तान, भारत और यूरेशियन टेक्टॉनिक प्लेट्स के बीच में स्थित है। ये फॉल्ट लाइन अफगानिस्तान के हेरात तक जाती है। प्लेट्स में हलचल होने पर भूकंप आता है।