MP में 10 साल में सबसे गर्म दिसंबर, न्यू ईयर पर सुहाना होगा मौसम

मध्य प्रदेश के चारों प्रमुख शहरों में रात का पारा सबसे ज्यादा रहा। भोपाल और इंदौर में यह सबसे ज्यादा रहा। यहां तक कि जबलपुर-ग्वालियर में भी लोगों को ठंड इस साल कंपकपा नहीं पाई।

Updated: Dec 26, 2022, 06:23 AM IST

भोपाल। दिसंबर का महीना बीतने को है। मध्य प्रदेश में मौसम से ठंड गायब है। इस पूरे महीने ज्यादा सर्दी नहीं पड़ी। आने वाले सप्ताह में भी सर्दी पड़ने की संभावना नहीं है। ऐसा 10 साल बाद हो रहा है, जब दिसंबर का महीना इतना गर्म रहा है। इससे पहले साल 2013 में भी तापमान में गिरावट नहीं हुई थी।

मध्य प्रदेश के चारों प्रमुख शहरों में रात का पारा सबसे ज्यादा रहा। भोपाल और इंदौर में यह सबसे ज्यादा रहा। यहां तक कि जबलपुर-ग्वालियर में भी लोगों को ठंड इस साल कंपकपा नहीं पाई। आमतौर पर राजधानी भोपाल में दिसंबर में सर्दी सताने लगती है, लेकिन इस बार महीना बीतने को है, लेकिन ठंड के तेवर अब तक सख्त नहीं हो पाए हैं।

इंदौर में भी दिसंबर के महीने से सर्दी महसूस होने लगती है। लेकिन इस बार न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के नीचे नहीं गया। पिछले साल दिसंबर में शहर का न्यूनतम तापमान 6.5 था। लोगों ने दिसंबर में काफी ठंड महसूस की। लेकिन इस बार ठंड इंदौर से गायब है। पिछले दस साल में यह पहली बार है जब दिसंबर में इंदौर का तापमान 10 डिग्री से नीचे नहीं आया है।

यह भी पढ़ें: जमीन घोटाला उजागर करने वाले किसान नेता को सिंधिया समर्थक मंत्री से जान का खतरा, कोर्ट में लगाई अर्जी

बीतों वर्षों की तुलना में इस बार जबलपुर में भी सर्दी का ज्यादा एहसास नहीं रहा। औसत अधिकतम तापमान 25.7 डिग्री सेल्सियस व औसत न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस है। साल 2018 में जबलपुर का न्यूनतम तापमान चार डिग्री से भी नीचे चला गया था। लेकिन इस वर्ष सर्दी लोगों को नहीं कंपकंपा पाई। ग्वालियर में भी यही स्थिति है। प्रदेश की सबसे ज्यादा ठंड ग्वालियर में होती है। यहां दिसंबर में कभी-कभी तो पारा 2 डिग्री तक से नीचे आ जाता है, लेकिन इस बार सर्दी कंपाने वाली नहीं हो सकी। न्यूनतम तापमान 6.2 डिग्री दर्ज की गई है।

हालांकि, बीते 48 घंटे से हल्की ठंडक बढ़ गई है। हिमालय में बर्फबारी और उत्तरी हवाएं चलने से प्रदेश में दिन और रात के तापमान नीचे आने से पहली बार ठंड का एहसास हुआ है। लेकिन अगले तीन दिन बाद तापमान में कुछ बढ़ोतरी होगी। 30 दिसंबर के आसपास बादल छा सकते हैं। मौसम वैज्ञानिक अशफाक हुसैन ने बताया कि न्यू ईयर पर इस बार मौसम सुहाना रहेगा। न ज्यादा ठंड रहेगी और न ही बारिश की संभावना है।