मध्य प्रदेश के कई जिलों में बारिश ने बदला मौसम का मिज़ाज, ओले गिरने की चेतावनी

भोपाल में सुबह से जारी है बारिश का दौर, होशंगाबाद, जबलपुर, सागर, रीवा में भी बादलों ने डाला डेरा, वर्षा के साथ ओले गिरने की आशंका, शनिवार शाम तक मौसम का हाल ऐसा ही बने रहने का अनुमान

Updated: Mar 12, 2021, 06:38 AM IST

Photo courtesy:  Cosmopolitan
Photo courtesy: Cosmopolitan

भोपाल। मध्य प्रदेश में बारिश और तेज हवाओं ने अचानक मौसम का मिजाज बदल दिया है। प्रदेश के भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर, रीवा, सागर संभाग में तेज हवा के साथ बारिश हो रही है। भोपाल में गुरुवार रात से ही मौसम में ठंडक रही। आज सुबह की शुरूआत से ही बारिश का दौर जारी है। शहर में गरज चमक के साथ बरसात हो रही है। कई जिलों में सुबह से ही आसमान में बादलों ने डेरा डाल रखा है। कुछ स्थानों पर रिमझिम बारिश भी हुई है।

मौसम विभाग ने प्रदेश के होशंगाबाद, जबलपुर, सागर, रीवा संभाग में तेज बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले 24 घंटे में प्रदेश के अन्य संभागों में भी बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर बारिश के साथ-साथ ओले गिरने की आशंका भी जाहिर की गई है। प्रदेश के ग्वालियर, चंबल, जबलपुर, भोपाल, होशंगाबाद और सागर संभागों में तेज बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार मौसम शनिवार शाम तक ऐसा ही बने रहने की उम्मीद है।

मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में इस तरह का परिवर्तन देखने को मिल रहा है। पाकिस्तान और अफगानिस्तान में बने सिस्टम की वजह से यह वेस्टर्न डिस्टरबेंस हो रहा है। मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से में नार्थ-ईस्ट में चक्रवातीय हवाओं के कारण बरसात हो रही है। इस तरह के मौसम में गरज चमक के साथ बिजली और ओले गिरते हैं। भोपाल समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट आ गई है। जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिली है।

मध्य प्रदेश के कई जिलों में गुरुवार को भी बारिश हुई थी। गुना में सबसे ज्यादा 12 मिमी की बारिश दर्ज की गई। वहीं जबलपुर, पचमढ़ी, रीवा और छिंदवाड़ा में बारिश की वजह से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। खंडवा में अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री, न्यूनतम 18.4 डिग्री, भोपाल में अधिकतम तापमान 35.3 डिग्री, न्यूनतम 18.4 डिग्री, इंदौर में अधिकतम तापमान 35.5 डिग्री, और न्यूनतम 18.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के मुताबिक पंजाब, दिल्ली, बिहार, हिमाचल प्रदेश, यूपी, पश्चिम बंगाल के गंगा से सटे इलाकों, झारखंड, चंडीगढ़, राजस्थान, हरियाणा और उत्तराखंड में तेज गरज के साथ आंधी के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन राज्यों को आंधी का अलर्ट भी दे दिया है।