कूनो नेशनल पार्क में फिर गूंजी किलकारी, मादा चीता नीरवा ने दिया पांच शावकों को जन्म
कूनो नेशनल पार्क में मादा चीता नीरवा ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है, जिससे पार्क में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 29 हो गई है।

मध्य प्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से एक बार फिर सुखद समाचार सामने आया है। यहां 5 वर्षीय मादा चीता नीरवा ने पांच स्वस्थ शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही पार्क में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 29 हो गई है। हाल ही में दो चीते मंदसौर के गांधीसागर अभ्यारण्य में स्थानांतरित किए गए थे, जिससे संख्या घटकर 24 रह गई थी। अब इन नवजात शावकों के आगमन से यह आंकड़ा फिर से 29 हो गया है।
वन विभाग और विशेषज्ञों की मेहनत से कूनो में चीतों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया गया है, जिसका परिणाम अब सफल प्रजनन के रूप में सामने आ रहा है। अफ्रीकी देशों से लाए गए इन चीतों को भारत की जलवायु और परिस्थितियों में ढालने के प्रयास अब रंग ला रहे हैं। नीरवा के सभी शावक स्वस्थ हैं और उन पर विशेष मेडिकल टीम की निगरानी में नियमित देखभाल की जा रही है।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में शुरू हुआ रियल-टाइम फॉरेस्ट अलर्ट सिस्टम, जंगलों की सुरक्षा होगी और मजबूत
इस सफलता पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कूनो की टीम और सभी विशेषज्ञों को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि कूनो में नए मेहमानों का स्वागत है और यह देखकर अत्यंत प्रसन्नता होती है कि चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है। उन्होंने इसे भारत के जैव विविधता संरक्षण प्रयासों की एक बड़ी उपलब्धि बताया।
कूनो में नए मेहमानों का स्वागत है...
— Dr Mohan Yadav (@DrMohanYadav51) April 27, 2025
अत्यंत प्रसन्नता है कि कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीतों का कुनबा निरंतर बढ़ रहा है।
हाल ही में 5 वर्षीय नीरवा ने 5 शावकों को जन्म दिया है। इन नन्हे शावकों का आगमन चीता प्रोजेक्ट की सफलता और भारत की समृद्ध जैव-विविधता का प्रतीक है।
माननीय… pic.twitter.com/TRH33BrLJI
मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे वन्यजीव संरक्षण प्रयासों की सराहना की और कहा कि यह प्रकृति संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने भी इस खबर को साझा करते हुए खुशी जताई और इसे चीता परियोजना की सफलता का प्रतीक बताया।