दमोह में महिला पुलिसकर्मियों ने गैंगरेप के आरोपी के घर पर चलाया बुलडोजर, वीडियो वायरल

मध्य प्रदेश पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं, चौथा आरोपी कौशल किशोर चौबे फरार चल रहा था। जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसका घर तोड़ दिया।

Updated: Mar 11, 2023, 01:03 PM IST

दमोह। देशभर में इन दिनों बुलडोजर जस्टिस की चर्चाएं है। अपराधियों और असामाजिक तत्‍वों को सबक सिखाने के लिए मध्य प्रदेश में भी न्यायालय का फैसला आने से पहले पुलिस घर तोड़ने की कार्रवाई तेजी से कर रही है। इसी बीच दमोह से एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां महिला पुलिसकर्मियों ने गैंगरेप के एक आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया। सोशल मीडिया पर इसे एक नजीर के तौर पर पेश किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश गृह विभाग के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से इसका वीडियो ट्वीट कर बताया गया है कि महिला पुलिसकर्मियों ने यह कार्रवाई महिला दिवस के मौके पर की। वीडियो महिला पुलिसकर्मी आरोपी का घर गिराते हुए दिखाई दे रही हैं। 

दरअसल, दमोह जिले में बीते दिनों एक नाबालिग के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने का संगीन मामला सामने आया था। मध्य प्रदेश पुलिस ने मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया था। वहीं, चौथा आरोपी कौशल किशोर चौबे फरार चल रहा था। इसके बाद महिला पुलिसकर्मी आरोपी किशोर चौबे के घर बुलडोजर लेकर गईं और उसे ध्वस्त कर दिया। हालांकि, बाद में किशोर चौबे भी पकड़ा गया।

पुलिस ने कहा कि कौशल किशोर ने कब्जा करके जमीन पर अवैध रूप से मकान बना लिया है, जिसे पुलिस ने तोड़ दिया। रानेह के थानाध्यक्ष प्रशिता कुर्मी ने कहा, "नाबालिग के सामूहिक बलात्कार मामले में फरार कौशल किशोर चौबे ने अवैध रूप से जमीन पर कब्जा कर लिया था। बुलडोजर महिला पुलिसकर्मियों के एक ग्रुप ने चलाया। महिला कर्मियों ने अच्छा काम किया और इस तरह की कार्रवाई जारी रहनी चाहिए।
इससे समाज में बड़ा संदेश जाएगा और अपराधियों में भय भी व्‍याप्‍त होगा।"

यह भी पढ़ें: होली पर जापानी युवती से बदसलूकी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता ने भारत छोड़ा

बताया जा रहा है कि जिला कलेक्टर से इजाजत लेकर प्रशासन ने आरोपी कौशल किशोर चौबे के कब्जे वाले मकान और खेती की जमीन पर बुलडोजर चलाने का निर्णय लिया था। इसके लिए बाकायदा जिले के अलग-अलग पुलिस थानों की महिला अफसरों को रनेह बुलाया गया और फिर अतिक्रमण पर बुलडोजर चला। प्रशासन ने बताया कि आरोपी के कब्‍जे वाले मकान और जमीन पर बुलडोजर चलाकर करीब 75 लाख रुपये की जमीन अतिक्रमणमुक्त कराई गई है।