कटनी में पूर्व विधायक की पत्नी ने की आत्मदाह की कोशिश, तहसीलदार पर लगाए पक्षपात के आरोप
रंजीता सिंह ने बताया कि उन्होंने जमीन विवाद में शिकायत के बाद भी समाधान न होने पर यह कदम उठाने को मजबूर हुईं।

कटनी। मध्य प्रदेश के कटनी जिले में पूर्व कांग्रेस विधायक विजय राघवेंद्र सिंह की पत्नी रंजीता सिंह ने गुरुवार शाम को तहसील कार्यालय में खुद पर केरोसिन डालकर आत्महत्या की कोशिश की। हालांकि, कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और अन्य फरियादियों ने तत्काल उन्हें बचाया।
रंजीता सिंह ने बताया कि उन्होंने जमीन विवाद में शिकायत के बाद भी समाधान न होने पर यह कदम उठाया है। उनका कहना है कि 2 साल पहले बिलायत कला गांव में उन्होंने जहान सिंह नाम के व्यक्ति से जमीन खरीदी थी। जिस पर कुछ लोगों ने कब्जा कर रखा है। मामले में वे पिछले छह महीने से तहसील कार्यालय के चक्कर लगा रही हैं।
यह भी पढे़ं: ग्वालियर: NEET में कम नंबर आने पर छात्र ने की आत्महत्या, पिता की लाइसेंसी पिस्टल से मारी गोली
रंजीता का आरोप है कि नायब तहसीलदार की लापरवाही के कारण उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे वे मानसिक रूप से परेशान हो गईं। रंजीता के पति बड़वारा विधानसभा से पूर्व कांग्रेस विधायक रह चुके हैं।
दरअसल, रंजीता सिंह निवासी बड़वारा ने 15 सितंबर 2021 को जहान सिंह नामक व्यक्ति से 0.39 हेक्टेयर में 1176 वर्ग फुट खरीदा था। जिस पर अनुरोध तिवारी निवासी बिलायत कला गांव का कब्जा है। गुरुवार शाम करीब 4 बजे रंजीता बड़वारा नायाब तहसीलदार न्यायालय पहुंची थी। जहां उन्होंने समस्या समाधान न करने का आरोप लगाते हुए नायाब तहसीलदार अनुराधा सिंह के सामने केरोसिन डालकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
नायब तहसीलदार अनुराधा सिंह ने बताया कि रंजीता सिंह का मामला राजस्व विभाग में दर्ज है। इस पर दूसरा पक्ष 1995 से काबिज है, जबकि आवेदिका के नाम पर भूमि 2021 में दर्ज हुई है। मामला विवादित होने के कारण अभी लंबित है। रंजीता सिंह ने जो आरोप लगाए हैं, वह निराधार है। वैधानिक तरीके से न्यायालय की कार्यवाही की जा रही है।