होली पर जापानी युवती से बदसलूकी मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार, पीड़िता ने भारत छोड़ा
घटना दिल्ली के पहाड़गंज इलाके की है जहां भारत में होली खेलने आई जापानी युवती के साथ मनचलों ने छेड़छाड़ की थी। वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेकर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

नई दिल्ली। होली के मौके पर अक्सर रंग लगाने के बहाने गंदी हरकतें और छेड़छाड़ जैसी अन्य घटनाएं सामने आती रहती हैं। इसी तरह की एक घटना दिल्ली के पहाड़गंज इलाके से सामने आई है जिसमें एक जापानी लड़की के साथ कई लड़के सड़क पर छेड़छाड़ और शारीरिक उत्पीड़न कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद दिल्ली पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं पीड़ित युवती इस घटना के बाद भारत छोड़कर चली गई।
पुलिस ने बताया कि जापान की युवती पर्यटन के लिहाज से भारत आई थी और वह मध्य दिल्ली के पहाड़गंज में रह रही थी। तीनों आरोपी, जिनमें से एक किशोर है, वो भी उसी इलाके के हैं। दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने इस घटना पर ट्वीट कर गुस्सा जाहिर किया है। उन्होंने कहा, "जितनी बार ये वीडियो देख रही हूं, उतनी बार खून खौल रहा है। चाहे कुछ हो जाए, इनमें से किसी को नहीं छोड़ूंगी, हम सुनिश्चित करेंगे इनमें से एक-एक लफ़ंगा सलाख़ों के पीछे पहुंचेगा।"
Hey @NDTV, @ANI, please check this video of our Sanatani culture and how respectably we are celebrating Holi with a Japanese tourist. We say "Athithi devo bhava", but our festivals makes them feel otherwise. Spread sanatani kulcha on the bread.pic.twitter.com/6m1vLvEYIg
— Брат (@B5001001101) March 10, 2023
दरअसल, सोशल मीडिया पर वीडियो में "होली है" के नारों के बीच मनचलों की एक टोली जापानी युवती को घेरकर बुरी हरकतें कर रहे हैं। इसमें एक लड़का जापानी लड़की को बुरी तरह से जकड़कर उसके दोनों गालों पर रंग लगाता दिख रहा है। फिर किनारे खड़ा दूसरा लड़का जोर से लड़की से सिर पर अंडा मारता है। तभी एक अन्य लड़का आकर लड़की को पकड़ लेता है और अंडा मारने वाला लड़का इस बार उस पर स्प्रे डालता है।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि किस तरह कई लड़के उस पर रंग लगाते हैं और उसे कसकर पकड़ लेते और उसके शरीर पर इधर उधर हाथ फेरते हैं। लड़की इन सबसे बचने की काफी कोशिश करती है। लड़की नहीं नहीं करती रहती है बावजूद लड़के उसके साथ जबरदस्ती करते रहते हैं। किसी तरह वह जब इन लड़कों के झुंड से बचकर अलग आती है तभी एक लड़का जो पहले ही उसे काफी परेशान कर चुका होता है एक बार फिर से उसे हैप्पी होली बोलते हुए बुरे तरीके से छूता है इस पर लड़की उसे थप्पड़ मार देती है।
जांच के दौरान ये घटना दिल्ली के पहाड़गंज इलाके की निकली जहां भारत में होली खेलने आई लड़की के साथ लड़कों ने छेड़छाड़ की थी। हालांकि, इस घटना में कोई शिकायत नहीं मिली थी। लेकिन मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने खुद मामले को संज्ञान में लेकर छानबीन शुरू की थी। सोशल मीडिया यूजर्स इस वीडियो पर गुस्सा भी जाहिर कर रहे हैं। इस मामले में शामिल मनचलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जा रही है।