MP की भाजपा सरकार में मुर्दों का इलाज होता है और बच्चों के खाने की चोरी होती है: राहुल गांधी

टीकमगढ़ के खरगापुर में राहुल गांधी की रैली, कहा- तालाबों की मछलियों पर मछुआरों को अधिकार देगी कांग्रेस सरकार, हमने 2018 में किसानों का कर्ज माफ़ किया था, अब इस बार फिर करेंगे

Updated: Nov 15, 2023, 12:24 AM IST

टीकमगढ़। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव का प्रचार अभियान अब अपने अंतिम पड़ाव में है। मंगलवार को राहुल गांधी विदिशा के बाद टीकमगढ़ पहुंचे और यहां उन्होंने खरगापुर में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी की पहली जिम्मेदारी किसानों, महिलाओं, युवाओं और मजदूरों की रक्षा करना है। इस बार फिर कांग्रेस पार्टी की सरकार आने वाली है, हम 150 सीटें जीतेंगे। 

राहुल गांधी ने कहा, 'प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर हम किसानों का कर्ज माफ कहेंगे। हम गेहूं के लिए 2600 रूपये प्रति क्विंटल धान और धान के लिए 2500 रूपये प्रति क्विंटल देंगे और बढ़ाकर 3000 तक जाएगा। महिलाओं को 1500 रू. महीने हर महिला को उसके खाते में जाएगा और बेटी के पैदा होने पर ढाई लाख रुपए देंगे। कांग्रेस की जब सरकार आई थी तो हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। कांग्रेस की सरकार ने 7000 करोड़ रूपये का बुंदेलखंड पैकेज दिया था, बुंदेलखंड के विकास के लिए, मजदूरों के लिए, किसानों के लिए लेकिन भाजपा की सरकार ने उसे चोरी करने का काम किया, उसमें भ्रष्टाचार किया। 

यह भी पढ़ें: MP में कांग्रेस पार्टी का तूफान आने वाला है, जनता हमें 150 सीटें देने जा रही है, विदिशा में बोले राहुल गांधी

राहुल गाँधी ने अपने संबोधन में कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का तूफान आने वाला है, जनता कांग्रेस पार्टी को 150 सीट जिताने का काम करेगी और इसका सबसे बड़ा कारण है कि 2018 में अपने कांग्रेस पार्टी की सरकार चुनी थी और फिर भाजपा के नेताओं ने, नरेंद्र मोदी ने, शिवराज सिंह चौहान ने, अमित शाह ने करोड़ों रुपए देकर विधायकों को खरीद कर आपके साथ धोखा किया। उन्होंने मध्य प्रदेश के किसानों को युवाओं को महिलाओं को और मजदूरों को धोखा दिया। भाजपा की सरकार गरीबों से पैसा छीनती है और अपने उद्योगपति मित्रों को देती है। कांग्रेस की सरकार में हमनें मप्र में पिछली बार किसानों का कर्ज माफ किया था इसबार फिर से हम कर्ज माफ करेंगे। बुंदेलखंड में मछुआरों को यहां के तालाबों की मछलियों पर अधिकार कांग्रेस सरकार देगी।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि, 'नरेंद्र मोदी और शिवराज सिंह चौहान ने मिलकर आपकी और हमारी सरकार चोरी करने का काम किया। आज देश में पहली बार किसान टैक्स दे रहा है। आगामी 17 तारीख को होने वाले मतदान के दिन आपको कांग्रेस के वचनों को ध्यान में रखना है। जैसे ही 2018 की सरकार में किसानों और मजदूरों के लिए काम करना शुरू किया था तो बीजेपी ने खरीद फरोख्त और चोरी करके कांग्रेस पार्टी की सरकार को हड़प लिया।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी का काम किसान और आदिवासियों को मजबूत करना है। भ्रष्टाचार पर बोलते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यहां पर बच्चों को जो स्कूल में खाना दिया जाता है, उसमें भी बड़ी लूट हुई है। मध्य प्रदेश पहला ऐसा राज्य है, जहां पर मरे हुए लोगों का इलाज होता है। यहां का सबसे बड़ा घोटाला व्यापमं घोटाला है, जिसमें शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने एक करोड़ युवाओं को नुकसान पहुंचाने का काम किया। इन्होंने पटवारी परीक्षा की सीटें बेची और एमपीपीएससी की सीटें बेचने का काम किया लेकिन कोई जांच नहीं की गई।

राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस की सरकार आने पर हम स्कूल की शिक्षा के लिए बच्चों को 500 से लेकर 1500 तक की स्कॉलरशिप देने का काम करेंगे। हम जातिगत जनगणना का काम भी करेंगे, यहां पर कांग्रेस पार्टी की सरकार आने वाली है हम 150 सीटें जीतेंगे और यहां की सभी महिलाओं के खातों में 1500 रू. प्रति महीने देंगे। उन्होंने कहा कि मुझे पुरा विश्वास है कि मध्य प्रदेश में इस बार किसान, महिलाओं और युवाओं की सरकार आप सब मिलकर लाएंगे।