इंदौर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव के नतीजे घोषित, रितेश इनानी अध्यक्ष और यशपाल राठौर बने उपाध्यक्ष

इनानी ने त्रिकोणीय मुकाबले में अमर सिंंह राठौर और पवन कुमार जोशी को हराया। सचिव पद पर भुवन गौतम ने कब्जा जमाया। इसके अलावा यशपाल राठौर उपाध्यक्ष और शंशाक शर्मा सह सचिव चुने गए।

Updated: Nov 23, 2023, 09:11 AM IST

इंदौर। इंदौर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव के नतीजे बुधवार देर रात घोषित हुए। रितेश इनानी हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के नए अध्यक्ष चुने गए हैं। इनानी ने त्रिकोणीय मुकाबले में अमर सिंंह राठौर और पवन कुमार जोशी को हराया। सचिव पद पर भुवन गौतम ने कब्जा जमाया। इसके अलावा यशपाल राठौर उपाध्यक्ष और शंशाक शर्मा सह सचिव चुने गए।

इंदौर हाई कोर्ट बार एसोसिएशन का चुनाव का मतदान बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच कराया गया। मतदान प्रक्रिया सुबह 11 बजे से शुरू हुई जो शाम 5 बजे तक चली। मतगणना शाम 6 बजे शुरू हुई। 27 राउंड में हुई मतगणना शाम 6 बजे से रात 11.30 बजे तक चली।

यह भी पढ़ें: बस कुछ दिन और…हर अन्याय का हिसाब होगा, रणदीप सुरजेवाला ने BJP पर बोला हमला

हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार मतदान कम हुआ। 1807 सदस्यों में से इस बार 1328 ने मतदान में हिस्सा लिया। मतदान करने वाले सदस्यों को मतदान के बाद पौधे वितरित करने का अनूठा प्रयोग भी इस बार चुनाव में देखा गया। इसबार उन्हीं सदस्यों को मतदान का अधिकार दिया गया था जिन सदस्यों ने बकाया शुल्कों का भुगतान कर दिया था। मतदाताओं के लिए 45 मतदान केंद्र बनाए थे।

बुधवार सुबह 11 बजे मतदान शुरू हो गया था लेकिन मतदाताओं में कोई रूचि नजर नहीं आई,क्योकि बुधवार को न्यायालयों में नियमित कार्यदिवस था। ज्यादातर वकील वहां व्यस्त थे। दोपहर बाद मतदान की गति तेजी से बढ़ी और केंद्रों पर कतारें नजर आईं। वोट डाल कर जाने वाले मतदाताओं को पौधे भी दिए गए। तुलसी, शमी, बिलपत्र के पौधे वितरित किए गए। वकीलों ने इस पहल को अच्छा बताया।