बस कुछ दिन और…हर अन्याय का हिसाब होगा, रणदीप सुरजेवाला ने BJP पर बोला हमला

भाजपा के "डबल इंजन" के "फर्जी दावे और झूठ के शोर" में छुपे- भ्रष्ट्राचार, कुशासन और अत्याचार का जवाब तो मध्य प्रदेश की जनता ने दे दिया है: रणदीप सिंह सुरजेवाला

Updated: Nov 22, 2023, 07:14 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2023 के लिए मतदान संपन्न हो चुका है। अब सभी को 3 दिसंबर का इंतजार है जब चुनाव का रिजल्ट आएगा। इसी बीच मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रभारी एवं राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्विटर पर पोस्ट कर बीजेपी पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट्राचार, कुशासन और अत्याचार का जवाब तो मध्य प्रदेश की जनता ने दे दिया है। बस कुछ दिन और…हर अन्याय का हिसाब होगा।

सुरजेवाला ने एक अखबार का क्लिप शेयर करते हुए ट्वीट किया, 'भाजपा के "डबल इंजन" के "फर्जी दावे और झूठ के शोर" में छुपे- भ्रष्ट्राचार, कुशासन और अत्याचार का जवाब तो मध्य प्रदेश की जनता ने दे दिया है। मगर साढ़े 18 साल, कुकर्मों की सारी हदें पार करने वाली भाजपा का मन अब भी नहीं भरा! भाजपा के क्रूरता की पराकाष्ठा देखिए- वोट न देने वाले लोगों को पानी बिना मारने पर तुले हैं। बस कुछ दिन और.. हर अन्याय का हिसाब होगा, मध्य प्रदेश में होगी कांग्रेस संग खुशहाली..चेहरों पर मुस्कान, पूरा आंखों का ख्वाब होगा।'

बता दें कि मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा नेताओं और उनके गुर्गों द्वारा जमकर उत्पात मचाया गया। छतरपुर से लेकर दिमनी और इंदौर तक भाजपा नेता और उनके गुर्गे आउट ऑफ कंट्रोल दिखे। मतदान संपन्न होने के बाद भी भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी नहीं थम रही है। रहली में कांग्रेस प्रत्याशी पर हमला की घटना के बाद अब मुंगावली से एक शर्मनाक तस्वीर सामने आई है जहां मंत्री बृजेंद्र के गुर्गों द्वारा कांग्रेस समर्थकों को कुएं से पानी नहीं भरने दिया जा रहा है। इसी खबर को शेयर कर सुरजेवाला ने भाजपा पर निशाना साधा है।