पत्रकार नितिन दुबे ने साथियों सहित थामा कांग्रेस का दामन, भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने की ली शपथ

मध्य प्रदेश के पत्रकारों ने खोला शिवराज सरकार के खिलाफ मोर्चा, दिग्विजय सिंह की मौजूदगी में कई जिलों के पत्रकारों ने ली कांग्रेस की सदस्यता।

Updated: Jun 20, 2023, 05:51 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले सत्ताधारी दल बीजेपी की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही है। चुनावी साल में किसान, मजदूर, डॉक्टर, वकील, नर्स, शिक्षक, शासकीय कर्मचारी समेत सभी पेशे से जुड़े लोग शिवराज सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। अब प्रदेश के पत्रकार भी भाजपा सरकार के खिलाफ खुलकर सामने आ गए हैं। मंगलवार को पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के समक्ष सीहोर, पिपरिया, रायसेन सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों के निडर पत्रकारों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली।

सीएम शिवराज सिंह चौहान के गृहजिले सीहोर के वरिष्ठ पत्रकार नितिन दुबे ने राजधानी भोपाल में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के समक्ष कांग्रेस की रीति नीति से प्रभावित होकर कांग्रेस का दामन थाम लिया। पत्रकार नितिन दुबे के साथ बुधनी क्षेत्र के युवा और बुजुर्ग बड़ी संख्या में कांग्रेस में शामिल हुए। नितिन दुबे अपने अखबार के माध्यम से लगातार कुशासन और अव्यवस्थाओं के खिलाफ मुखर रहे हैं। खासकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के विधानसभा क्षेत्र के लोगों की पीड़ा को उजागर करते रहे हैं। 

इस दौरान पत्रकार नितिन दुबे ने सीएम शिवराज सिंह चौहान के गृह क्षेत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ जितनी भी खबरें प्रकाशित की उसका एक पूरा संकलन पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह को भेंट किया। पत्रकार दुबे के साथ प्रदेश के अलग अलग क्षेत्रों के निडर पत्रकार जो सत्ता के सामने खड़े होकर लोकतंत्र के चौथे स्तंभ को मजबूती प्रदान करते रहे हैं, उन्होंने भी आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली है। सभी पत्रकारों ने इस दौरान प्रदेशहित में शिवराज सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प भी लिया। 

प्रदेश के जो अन्य संघर्षशील व निडर पत्रकार कांग्रेस में शामिल हुए हैं उनमें वीरेंद्र कुशवाहा (रायसेन), सचिन शर्मा (पिपरिया), सुनील साहू (बरेली), राकेश सोनी (बरेली), राहुल पाठक (बैरसिया), राकेश इनानिया (देवास), विनोद साहू (बाड़ी), संजय शर्मा (बुधनी), राघवेंद्र सिंह (भोपाल), निखिल पालीवाल (शाहगंज), सुदामा शिवहरे (शाहगंज) और राजकुमार गौर शामिल हैं। इस अवसर पर पूर्व मंत्री पीसी शर्मा विशेष रूप से उपस्थित थे।