ST वर्ग के खिलाफ अपराध के मामलों में मध्य प्रदेश नंबर वन, NCRB रिपोर्ट में खुलासा

NCRB की रिपोर्ट के अनुसार हर तीन घंटे में एमपी में एक रेप का केस दर्ज हो रहा है। इसके अलावा हर दिन करीब 32 अपहरण हो रहे हैं।

Updated: May 09, 2026, 10:08 AM IST

भोपाल। नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) ने ‘क्राइम इन इंडिया 2024’ रिपोर्ट जारी की है। 6 मई को जारी इस रिपोर्ट में मध्य प्रदेश की हालत चिंताजनक बताई गई है। अनुसूचित जनजाति (ST) के खिलाफ अपराध के मामलों में मध्य प्रदेश देश में नंबर वन है।

NCRB की रिपोर्ट के अनुसार मध्य प्रदेश में हर तीन घंटे में में एक रेप का केस दर्ज हो रहा है। इसके अलावा हर दिन करीब 32 अपहरण हो रहे हैं। दहेज हत्या और बच्चों के खिलाफ अपराध के मामलों में भी प्रदेश टॉप-3 राज्यों में शामिल है। अपहरण के मामलों में MP चौथे स्थान पर रहा।

रिपोर्ट के मुताबिक साल 2024 में प्रदेश में दहेज हत्या के 450 मामले दर्ज हुए। इनमें 232 मामले IPC और 218 मामले BNS की धाराओं के तहत दर्ज किए गए। दहेज हत्या के मामलों में एमपी तीसरे स्थान पर रहा। 2038 मामलों के साथ उत्तर प्रदेश पहले और बिहार दूसरे स्थान पर रहा।

मध्य प्रदेश महिला अपराध में लगातार चौथे साल पांचवें स्थान पर रहा। यहां महिलाओं के खिलाफ 32,832 मामले दर्ज हुए। 2022 में 32,765 केस दर्ज किए गए थे, जो 2023 में घटकर 32,342 हुए। 2024 में राज्य में हर दिन औसतन 90 से ज्यादा महिलाओं से जुड़े अपराध दर्ज हुए।