15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को टीम इंडिया की जर्सी, आयरलैंड दौरे पर तोड़ सकते हैं तेंदुलकर का रिकॉर्ड

15 वर्षीय स्टार क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी आयरलैंड-इंग्लैंड दौरे के लिए टीम इंडिया के साथ रवाना हो गए हैं। उन्हें भारतीय टीम की जर्सी मिल गई है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Updated: Jun 23, 2026, 02:02 PM IST

भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी ने अपने करियर का एक बड़ा पड़ाव हासिल कर लिया है। 15 वर्षीय बल्लेबाज मंगलवार को सीनियर भारतीय टीम के साथ आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए रवाना हुए। पहली बार राष्ट्रीय टीम में शामिल किए गए सूर्यवंशी को भारतीय टीम की जर्सी सौंपी गई। जिसका भावुक वीडियो भी सामने आया है। यदि उन्हें आगामी मुकाबलों में खेलने का मौका मिलता है तो वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन सकते हैं।

टीम इंडिया के थ्रो डाउन स्पेशलिस्ट रघु ने वैभव सूर्यवंशी को जर्सी सौंपी। जर्सी लेने से पहले युवा बल्लेबाज ने रघु के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया और फिर सम्मान के साथ जर्सी ग्रहण की। इस दौरान सूर्यवंशी कुछ देर तक अपनी जर्सी को निहारते रहे। इस पूरे पल को कैमरे में रिकॉर्ड किया गया। यह वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

यह भी पढ़ें:MP में मानसून की देरी से खरीफ की बोवनी पर संकट, प्रदेश में सामान्य से 52 फीसदी कम पानी गिरा

जर्सी मिलने के बाद सूर्यवंशी ने अपनी भावनाएं साझा करते हुए कहा कि बचपन में पहली बार बल्ला हाथ में लेकर जो सपना देखा था। वह अब सच होता दिखाई दे रहा है। उन्होंने इसे अपने क्रिकेट करियर का अब तक का सबसे बड़ा क्षण बताया और कहा कि इस अनुभव को शब्दों में व्यक्त करना आसान नहीं है।

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए घोषित टी20 टीम में वैभव सूर्यवंशी को शामिल किया है। टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई है। जबकि, तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। टीम में अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन, ईशान किशन, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ी भी शामिल हैं।

यह भी पढ़ें:छिंदवाड़ा में ट्रक से टकराई मजदूरों से भरी पिकअप, 6 की मौत और 20 से अधिक घायल

भारत का आयरलैंड दौरा 26 जून से शुरू होगा। जबकि, इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 1 जुलाई से खेली जाएगी। माना जा रहा है कि बेलफास्ट में 26 या 28 जून को खेले जाने वाले मुकाबलों में सूर्यवंशी को डेब्यू का मौका मिल सकता है। अगर ऐसा होता है तो वह 15 साल की उम्र में भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन जाएंगे। इस उपलब्धि के साथ वह महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड भी पीछे छोड़ सकते हैं। उन्होंने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पदार्पण किया था।

सूर्यवंशी हाल ही में आईपीएल 2026 में अपने शानदार प्रदर्शन के कारण सुर्खियों में रहे थे। उन्होंने पूरे सीजन में 16 मैच खेलकर 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और पांच अर्धशतक निकले। वह आईपीएल इतिहास में सबसे कम उम्र में ऑरेंज कैप जीतने वाले खिलाड़ी भी बन गए। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने साई सुदर्शन का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने आईपीएल 2025 में 23 वर्ष 237 दिन की उम्र में यह सम्मान हासिल किया था।

यह भी पढ़ें:लखनऊ में कोचिंग सेंटर में लगी भीषण आग, 14 लोगों की मौत और कई घायल

कम उम्र में घरेलू और आईपीएल क्रिकेट में अपनी प्रतिभा साबित कर चुके वैभव सूर्यवंशी के सामने अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खुद को साबित करने की चुनौती है। क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि क्या यह युवा बल्लेबाज आयरलैंड या इंग्लैंड के खिलाफ मैदान पर उतरकर भारतीय क्रिकेट इतिहास में नया अध्याय लिख पाएगा।