MP में कुछ दिनों में प्री मानसून एक्टिविटी

MP weather update : बादल छाने से तापमान में गिरावट, उमस ने लोगों को सताया

Publish: May 31, 2020, 07:14 PM IST

उत्तरी मध्यप्रदेश के ग्वालियर, रीवा, सागर संभाग में आज गरज चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं प्रदेश के निमाड़ क्षेत्र में बारिश नहीं होने से 42-44 डिग्री के साथ सबसे ज्यादा तापमान बना हुआ है। बाकि इलाकों में तापमान में गिरावट आ गई है। मौसम वैज्ञानिक एके शुक्ला का कहना है कि एक जून से 4 जून तक स्ट्रांग प्री मानसून एक्टिविटी शुरू हो जाएगी। इस दौरान मध्यप्रदेश के लगभग सभी संभागों में तेज हवाएं चलने और बारिश की संभावना जताई जा रही है। एक जून तक केरल मानसून पहुंचने वाला है। जिसके साथ ही आगामी सप्ताह से प्रदेश में भी प्री मानसून एक्टिविटी शुरु हो जाएगी।

शनिवार को दिनभर बादल छाने और तेज हवा के कारण दिन में नौतपे का असर कम दिखाई दिया। वहीं बादलों और वातावरण में नमी बढऩे के चलते उमस जरूर परेशान करती रही। मौसम विभाग की मानें तो आज भोपाल के मौसम में बदलावा आएगा और बादलों के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। बादल छाने से जहां दिन में राहत मिली है वहीं रात के तापमान ऊंचा बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि  अगले 48 घंटों एक कम दबाव का क्षेत्र दक्षिण पूर्व अरब सागर में बनने जा रहा है जिसके ताकतवर होकर डिप्रेशन बनने की संभावना है। इससे मानसून के लिए स्थिति अनुकूल होगी। वहीं पश्चिमी मप्र में होशंगाबाद समेत भोपाल में बादल छाएंगे और कहीं-कहीं गरज-चमक की स्थिति और तेज हवाएं चलने की संभावना है।