बिहार में 26 करोड़ रुपए की लागत से बना पुल ढहा, चार दिन पहले हुआ था उद्घाटन

बक्सर जिले के इटाढ़ी रेलवे गुमटी पर 26 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) उद्घाटन के मात्र चार दिन बाद ही क्षतिग्रस्त हो गया।

Updated: Jun 08, 2026, 06:57 PM IST

पटना। बिहार में हाल के दिनों में जिस तरह पुलों, पुलियों और संपर्क पथों के ध्वस्त होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, उन्होंने इस विकास मॉडल पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था दोनों संदेह के घेरे में हैं। बिक्रमशिला सेतु के एक हिस्से के क्षतिग्रस्त होने की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि बक्सर से एक और चिंताजनक खबर सामने आ गई।

बक्सर जिले के इटाढ़ी रेलवे गुमटी पर 26 करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) उद्घाटन के मात्र चार दिन बाद ही क्षतिग्रस्त हो गया। पाया संख्या 5 पूरी तरह ढह जाने से स्थानीय प्रशासन ने पुल पर आवागमन बंद कर दिया और इसे लोहे की प्लेटों से ढक दिया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया है. उन्होंने सरकार पर कमीशनखोरी और घटिया निर्माण का आरोप लगाया है। बिहार में लगातार पुलों के गिरने की घटनाओं के बीच यह नया मामला सामने आया है, जिससे विकास कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।

हैरानी की बात ये है कि इस आरओबी का शिलान्यास चार बार किया गया था। काफी विरोध और देरी के बाद निर्माण पूरा हुआ और इसे हाल ही में आमजन के लिए खोला गया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि निर्माण की गुणवत्ता को लेकर शुरू से ही आशंकाएं जताई जा रही थी।

वहीं, आरओबी के केयरटेकर मुन्ना कुमार ने बताया कि पुल ओवरलोड ट्रक के कारण गिरा है, भ्रष्टाचार से इसका कोई संबंध नहीं है। हालांकि स्थानीय लोग इस दावे को स्वीकार करने को तैयार नहीं हैं और मांग कर रहे हैं कि घटना की निष्पक्ष जांच हो। बहरहाल, बिहार में बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं इंफ्रास्ट्रक्चर विकास पर गंभीर सवाल खड़े कर रही हैं।