MP : विकास दुबे का साला और भांजा हिरासत में

Kanpur Encounter : UP STF ने शहडोल से विकास के भांजे को उठाया, विकास के साले ज्ञानेंद्र को भी साथ ले गई STF

Publish: Jul 09, 2020, 04:38 AM IST

शहडोल। गैंगस्टर विकास दुबे की खोज में जुटी यूपी की एसटीएफ ने विकास के करीबियों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। सोमवार को विकास के साले ज्ञानेंद्र की तलाश में शहडोल के बुढार पहुंची एसटीएफ उसके न मिलने पर ज्ञानेंद्र के बेटे आदर्श को अपने साथ ले गई। बाद मेें एसटीएफ बुधवार को विकास के साले ज्ञानेंद्र निगम को भी अपने साथ कानपुर ले गई है। एसटीएफ ज्ञानेंद्र से विकास दुबे के संबंध में पूछताछ करना चाहती है। 

विकास दुबे से 15 सालों से नहीं मिला 
एसटीएफ को यह जानकारी मिली थी कि मध्य प्रदेश के शहडोल में विकास का साला रहता है। एसटीएफ की टीम ने तुरन्त मध्य प्रदेश के शहडोल का रुख किया। और शहडोल स्थित बुढार गांव में ज्ञानेंद्र के घर पहुंच गई। लेकिन ज्ञानेंद्र उस समय वहां मौजूद नहीं था। लिहाज़ा एसटीएफ उसके बेटे आदर्श को अपने साथ कानपुर ले गई। इसके बाद जैसे ही ज्ञानेंद्र को इसकी जानकारी मिली, वो शहडोल ज़िले के एसपी से भेंट करने पहुंच गया। ज्ञानेंद्र उर्फ राजू निगम ने एसपी को बताया कि उसका विकास दुबे से किसी तरह का कोई संपर्क नहीं है। ज्ञानेंद्र ने बताया कि वो पिछले 15 सालों से विकास से नहीं मिला है। इतना ही नहीं उसने यह भी बताया कि विकास से ही तंग आ कर वो कानपुर से शहडोल के बुढार में रहने आ गया था। इसके बाद ज्ञानेंद्र को मंगलवार रात भर तक बुढार थाने में रखा गया। एसटीएफ बुधवार सुबह एक बार फिर बुढार पहुंची और विकास के साले ज्ञानेंद्र को भी साथ ले गई। एसटीएफ अब ज्ञानेंद्र से विकास दुबे के बारे में पूछताछ कर रही है। 

विकास दुबे की तलाश लगातार जारी
कानपुर मुठभेड़ के बाद फरार कुख्यात अपराधी विकास दुबे को एसटीएफ चारों ओर तलाश कर रही है। तलाशी के दौरान एसटीएफ ने विकास के एक गुर्गे दयाशंकर अग्निहोत्री को अपनी हिरासत में ले रखा है। तो वहीं आज ही हमीरपुर में तलाशी के दौरान उसके एक अन्य गुर्गे अमर दुबे को मार गिराया है। अमर दुबे विकास का चचेरा भाई था। हालांकि एसटीएफ को विकास दुबे का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

बढ़ाई गई इनामी राशि
विकास दुबे की तलाशी में जुटी एसटीएफ को अब तक विकास दुबे किस जगह छिपा है, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है। इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने विकास दुबे के सिर पर रखी गई इनामी राशि को एक बार फिर बढ़ा दिया है। विकास दुबे पर अब 5 लाख की इनामी राशि तय कर दी गई है। इससे पहले विकास दुबे के ऊपर 2.5 लाख की इनामी राशि तय की गई थी।