MP में मौसम का बड़ा उलटफेर, 4.9 डिग्री तक गिरा पारा, कोहरे के बीच 28 जिलों में बारिश का अलर्ट

मध्य प्रदेश में मौसम ने करवट ली है। प्रदेशभर में तापमान 4.9 तक डिग्री गिर गया। 27–28 जनवरी को 28 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

Publish: Jan 27, 2026, 01:43 PM IST

मध्य प्रदेश में सर्दी, कोहरा और बारिश का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है। मौसम के बदले मिजाज ने पूरे प्रदेश में ठंड बढ़ा दी है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के 28 जिलों में बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं, तापमान में करीब 4.9 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के चलते आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में इस समय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन सक्रिय है। इसके प्रभाव से आज 27 जनवरी और कल 28 जनवरी को कई इलाकों में बादल छाने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 30 जनवरी को एक नया मौसम सिस्टम सक्रिय होने वाला है। यही कारण है कि फरवरी की शुरुआत में भी बारिश का एक और दौर देखने को मिल सकता है।

यह भी पढ़ें:MP: गणतंत्र दिवस पर पिपरिया हाईस्कूल शर्मसार, छात्राओं के चेंजिंग रूम में घुसे नशे में धुत युवक, शिक्षकों से मारपीट

मौसम में इस बदलाव के चलते प्रदेश के कई जगहों पर सुबह से ही हल्का घना कोहरा छाया हुआ है। इसकी वजह से भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा, नर्मदापुरम समेत कई जगहों पर दृश्यता भी कम रही। ठंडी हवाओं और कोहरे के कारण दिन में भी सर्दी का अहसास बना हुआ है। हालांकि, धूप निकली है लेकिन तेज हवाओं की वजह से तापमान में ज्यादा बढ़ोतरी नहीं हो सकी।

बारिश के साथ प्रदेश में ठंड और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि अगले कुछ दिनों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की और गिरावट हो सकती है। कई शहरों में रात का तापमान एक बार फिर 10 डिग्री से नीचे पहुंचने के आसार हैं। बीती रात राजगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री दर्ज किया गया था। जबकि, दतिया और शिवपुरी में 8 डिग्री, पचमढ़ी में 8.2 डिग्री, नौगांव में 8.6 डिग्री और श्योपुर में 9.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया था। बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर में 7.8 डिग्री, भोपाल में 11.2 डिग्री, उज्जैन में 12 डिग्री, इंदौर में 12.2 डिग्री और जबलपुर में 13.6 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया।

यह भी पढ़ें:MP: रतलाम में बंदूक की दुकान में धमाका, तीन लोग गंभीर रूप से झुलसे, जांच में जुटी पुलिस

दिन के तापमान की स्थिति भी ठंडे मौसम का ही संकेत दे रही है। रविवार को सुबह 8:30 बजे तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था जो पिछले दिन की तुलना में 4.4 डिग्री कम था। इसके बाद धूप निकलने से 11:30 बजे तापमान बढ़कर 16.8 डिग्री हुआ लेकिन हवा चलने के कारण दोपहर में भी अधिकतम तापमान 22.3 डिग्री से ऊपर नहीं जा सका। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को अधिकतम तापमान 20 डिग्री और न्यूनतम 13.3 डिग्री था। जबकि, रविवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और अधिकतम 22.3 डिग्री दर्ज किया गया था।

बारिश को लेकर जारी अलर्ट के अनुसार, 27 जनवरी को भोपाल, उज्जैन, ग्वालियर, विदिशा, सागर, शिवपुरी, श्योपुर, शाजापुर, अशोकनगर, आगर मालवा, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, रतलाम, राजगढ़, गुना, नीमच और मंदसौर जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं, 28 जनवरी को जबलपुर, विदिशा, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, सतना, सागर, रायसेन, मऊगंज, मैहर, छतरपुर, टीकमगढ़, रीवा, पन्ना, दमोह, नरसिंहपुर, उमरिया और कटनी में बारिश हो सकती है।

यह भी पढ़ें:CG: बस्तर में नक्सली हमला, कर्रेगुट्टा में 6 IED ब्लास्ट, 10 जवान घायल

कोहरे का असर यातायात पर भी साफ नजर आया। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं थी। जिससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। शताब्दी एक्सप्रेस करीब 35 मिनट की देरी से ग्वालियर पहुंची। जबकि, पंजाब मेल 1 घंटा 29 मिनट, स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस लगभग 30 मिनट और ताज एक्सप्रेस करीब 35 मिनट लेट रही थी। हालांकि, भोपाल से लौटते समय शताब्दी एक्सप्रेस समय पर ग्वालियर पहुंच गई थी।

मौसम वैज्ञानिक एच.एस. पांडेय के अनुसार वेस्टर्न डिस्टर्बेंस हिमाचल प्रदेश से सटे जम्मू क्षेत्र के ऊपर स्थित है जहां से एक ट्रफ लाइन गुजर रही है। इसी सिस्टम के कारण ठंडी हवाएं चल रही हैं। इसके प्रभाव से आगामी 24 घंटों में कोहरे के साथ-साथ रात के तापमान में मामूली गिरावट देखने को मिल सकती है। कुल मिलाकर प्रदेश में फिलहाल ठंड, कोहरा और बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

यह भी पढ़ें:Republic day 2026: गैलेंट्री अवॉर्ड्स और सर्विस मेडल की घोषणा, एस्ट्रोनॉट शुभांशु शुक्ला को अशोक चक्र