जेपी नड्डा की मौजूदगी में मोना सुस्तानी, प्रीतम लोधी बीजेपी में शामिल, लोधी बोले- ब्राह्मणों वाले बयान पर अब भी कायम

चुनाव पूर्व मोना सुस्तानी ने थामा बीजेपी का दामन, अब करेंगी खुद को हरानेवाले सांसद का प्रचार, प्रद्युम्न लोधी ने भी की वापसी, जेपी नड्डा ने दिलाई सदस्यता

Updated: Mar 26, 2023, 05:00 PM IST

भोपाल। चुनावी साल में मध्य प्रदेश में दल-बदल का खेल एक बार फिर शुरू हो गया है। इसी क्रम में रविवार को कांग्रेस नेत्री मोना सुस्तानी ने बीजेपी का दामन थाम लिया। मोना के साथ ही प्रीतम लोधी और उषा चौधरी को भी आज बीजेपी की सदस्यता दिलाई गई है। प्रदेश भाजपा कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने तीनों को सदस्यता दिलाई।

दरअसल, मोना सुस्तानी के कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने की अटकलें काफी समय से चल रही थी। मोना सुस्तानी को कांग्रेस पार्टी ने 2019 के लोकसभा चुनाव के समय उम्मीदवार बनाया था। उनका सामना भाजपा के तत्कालीन सांसद रोडमल नागर से हुआ था। हालांकि, इस चुनाव में मोना सुस्तानी को करारी हार का सामना करना प़डा था व अब तक के इतिहास में वह सबसे अधिक 4 लाख 28 हजार से अधिक वोटों से हारी थी।

इसके पहले मोना सुस्तानी कांग्रेस की कार्यकारी जिलाध्यक्ष भी रही हैं। साथ ही दो बार जिला पंचायत सदस्य व एक बार जनपद सदस्य भी रही हैं। उनके पति ललित सुस्तानी राजगढ़ के जनपद अध्यक्ष रह चुके हैं। उनके ससुर जी सुस्तानी राजगढ से दो बार विधायक व दिग्विजय सिंह सरकार में एमपी एग्रो के चेयरमैन थे।

यह भी पढ़ें: ग्वालियर में हर बूथ होगा मजबूत, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कार्यकर्ताओं को सिखाया बूथ प्रबंधन का पाठ

बीते साल जब राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा राजगढ़ से सटे आगर जिले से होकर गुजर रही थी, उस समय जिले के सारे नेता भारत जोड़ो यात्रा में मौजूद थे, लेकिन मोना सुस्तानी उस पूरे समय में आयोजनों से दूर थीं। इसके अलावा वह कुछ समय पहले ही केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से दिल्ली जाकर भी मिली थीं। इसके बाद ही कयास लगाया जा रहा था की वह पाला बदल सकती हैं।

वहीं, पिछले साल ही बीजेपी से निष्कासित प्रीतम लोधी की भी पार्टी में वापसी हुई है। ब्राह्मणों के खिलाफ अमर्यादित टिप्पणी के मामले में उन्हें पार्टी ने 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके बाद उन्होंने प्रदेशभर में भाजपा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। हालांकि, उमा भारती की नाराजगी के कारण भाजपा ने वापस लिया। बताया जा रहा है कि शराबबंदी को लेकर उमा भारती ने जो मुहिम शुरू की थी उसे समाप्त करने के बदले प्रीतम की वापसी की डील हुई है। भाजपा ज्वाइन करने के बाद भी ब्राह्मणों को लेकर दिए बयान पर प्रीतम ने कहा कि मैं अपने बयान पर कायम हूं।