MP: हरदा से भोपाल जा रही बस नहर की पुलिया से टकराई, 22 यात्री घायल

सीहोर जिले के सलकनपुर के पास भोपाल जा रही चौहान बस सर्विस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर नहर की पुलिया पर चढ़ गई। हादसे में करीब 22 यात्री घायल हुए।

Updated: Dec 23, 2025, 05:14 PM IST

सीहोर। मध्य प्रदेश के सीहोर जिले के सलकनपुर के पास मंगलवार सुबह एक यात्री बस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हरदा–सिवनी से भोपाल जा रही चौहान बस सर्विस की बस (MP04-PA-2877) आवली घाट रोड पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और नहर की पुलिया की स्पील पर चढ़ गई। हादसे में दर्जनों यात्रियों को चोटें आईं जबकि बाइक सवार बस के नीचे दबकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद कई यात्रियों को सिर, हाथ, पैर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। एक अन्य यात्री की हालत भी नाजुक बताई जा रही है। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ यात्री स्वयं वैकल्पिक साधनों से अस्पताल पहुंचे।

यह भी पढ़ें:इंस्टाग्राम वाले बाबा के झांसे में आया सॉफ्टवेयर इंजीनियर, कुंडली दोष बताकर की लाखों की ठगी

एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि हादसे में कुल लगभग 22 यात्री घायल हुए हैं। इनमें से दो की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें भोपाल के हमीदिया अस्पताल रेफर किया जा रहा है। जबकि बाकी के घायलों का इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा है।

यह हादसा सुबह करीब 10:30 बजे की है। सूचना मिलते ही सलकनपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन 108 एम्बुलेंस सहित अन्य एम्बुलेंस वाहन समय पर घटनास्थल नहीं पहुंच सके। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपने वाहनों से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेहटी पहुंचाया जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

यह भी पढ़ें:MP: रतलाम में 15 लाख की MD ड्रग्स जब्त, पुलिस ने दो बाइक सवार तस्करों को भी किया गिरफ्तार

गौरतलब है कि सलकनपुर क्षेत्र में एक दिन पहले भी चौहान बस सर्विस की ही एक अन्य बस (MP05-G-8554) सोमवार रात करीब 9:30 बजे डंपर से टकरा गई थी। उस हादसे में यात्रियों को मामूली चोटें आई थीं। उस समय बस चालक ने डंपर चालक पर नशे में और गलत साइड से वाहन चलाने का आरोप लगाया था। जबकि, स्थानीय लोगों का कहना था कि बस की तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने के कारण दुर्घटना हुई।

यह भी पढ़ें:MP: गूगल मैप्स का विकल्प बनेगा लोकपथ एप-2, हर सड़क, टोल और ब्लैक स्पॉट की मिलेगी पूरी जानकारी