MP: जावरा की आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव, लोगों को होने लगी सांस लेने में परेशानी
आइस फैक्ट्री में एक टैंक से अमोनिया गैस लीकेज होने से हड़कंप मच गया। फैक्ट्री में काम कर रहे श्रमिकों को जब इस बात की जानकारी लगी तो वह डरकर भाग गए।

जावरा। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के जावरा में एक आइस फैक्ट्री में अमोनिया गैस का रिसाव होने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि गैस लीक होने के बाद लोगों में हड़कंप मच गया। आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी के बीच फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिक तत्काल मौके से भागे।
जावरा में मंगलवार रात आंटिया चौराहे पर स्थित पोरवाल आइस फैक्ट्री में यह लीक हुई। फैक्ट्री के पीछे ही पुलिस लाइन है। जहां जावरा सीएसपी दुर्गेश आर्मो टहल रहे थे, तभी उन्हें इस बारे में पता चला। उनकी आंखों में आंसू आने लगे और जलन होने लगी। सीएसपी के माता-पिता और भाई पर भी इसका असर हुआ।
यह भी पढे़ं: हरदा ब्लास्ट पीड़ितों के साथ पुलिस ने की मारपीट, न्याय की आस में 150KM पैदल चलकर पहुंचे थे भोपाल
पुलिस व प्रशासन के आला अधिकारियों को गैस लीक की सूचना दी गई। जिसके बाद पुलिस लाइन सहित आसपास के इलाकों को खाली कराया गया।गैस लीकेज के समय एसपी अमित कुमार भी जावरा दौरे पर थे। जानकारी मिलते ही वह भी मौके पर पहुंचे। साथ ही जावरा एसडीएम त्रिलोचन गौड़, एसडीओपी संदीप मालवीय, थाना प्रभारी जितेंद्र जादौन मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड बुलाई गई। फैक्ट्री में स्थित टैंक पर पानी का छिड़काव किया गया।
बताया जा रहा है कि टैंक के वॉल में लीकेज होने से अमोनिया गैस का रिसाव हुआ। समय रहते मालूम पड़ने पर बड़ी घटना होने से बच गई। रात 12.30 बजे तक पुलिस ने फैक्ट्री संचालक और मजदूरों से पूछताछ की। इस दौरान अधिकारी मौके पर मास्क लगाकर मौजूद रहे। एसपी अमित कुमार ने बताया की वॉल लीकेज के कारण अमोनिया गैस लीक हुई है। गैस लीक वॉल को बंद कर दिया है। पानी का छिड़काव किया गया है। कुछ व्यक्ति इफेक्टेड थे, उन्हें मेडिकल ट्रीटमेंट दिया गया है।
जावरा एसडीएम त्रिलोचन गौड़ ने बताया कि अचानक गैस का रिसाव होने से कुछ श्रमिकों की आंखों में जलन हुई। डर के मारे वह भाग गए। हमें जैसे ही इस बात का पता चला तो मौके पर फायर ब्रिगेड, एम्बुलेंस तैनात की। जहां से गैस का रिसाव हो रहा था वहां पानी का छिड़काव किया गया है। 4 से 5 फायर ब्रिगेड से आसपास के क्षेत्र में पानी की छिड़काव किया। फिलहाल स्थिति सामान्य है। कोई जनहानि नहीं हुई है।