MP निकाय चुनाव: दिग्विजय सिंह के राघौगढ़ में बंपर मतदान, शाम पांच बजे तक 76.2 फीसदी वोटिंग

इन 19 निकायों में सबसे अधिक नजरें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय के राधौगढ़ पर टिकी है, क्योंकि अब तक बीजेपी दिग्विजय सिंह के गढ़ को भेद नहीं सकी है।

Updated: Jan 20, 2023, 02:50 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की 19 नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया संपन्न हो गई है। सभी 5 जिलों के 19 नगरीय निकायों के 343 वार्डों में शांतिपूर्ण मतदान हुए। मतदान के नतीजे 23 जनवरी को सामने आएंगे। इन 19 निकायों में सबसे अधिक नजरें पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय के राधौगढ़ पर टिकी है, क्योंकि अब तक बीजेपी दिग्विजय सिंह के गढ़ को भेद नहीं सकी है। 

राघौगढ़ नगरपालिका में बंपर मतदान हुआ है। निर्वाचन कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक शाम पांच बजे तक 76.2 फीसदी वोटिंग हुई। शाम 5 बजे तक गुना में 76.2 प्रतिशत मतदान हुआ। इनमें 77.9 % पुरुष और 73.3% महिलाओं ने मतदान किया। पिछले चुनाव में 75% मतदान हुआ था। 

उधर धार जिले की 9 नगरीय निकायों में शाम 5 बजे तक औसतन मतदान 64.79 % रहा। इस दौरान 1 लाख 88 हजार 313 लोगों ने अपने मताधिकार का उपयोग किया। सर्वाधिक मतदान औधोगिक नगरी पीथमपुर में हुई। यहां 55 हजार 841 लोगों ने वोट किया है। 

यह भी पढ़ें: मालेगांव ब्लास्ट केस में प्रज्ञा ठाकुर की जमानत रद्द करने की मांग, भड़काऊ भाषण देकर मुश्किलों में फंसी भोपाल सांसद

निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार धार नगर में 63.05 प्रतिशत, पीथमपुर में 59.90 प्रतिशत, मनावर में 67.14 प्रतिशत, धामनोद में 68.10 प्रतिशत, धरमपुरी में 68.65 प्रतिशत, कुक्षी में 70.61 प्रतिशत, डही में 74.56 प्रतिशत, राजगढ में 73.74 प्रतिशत, सरदारपुर में 75.62 प्रतिशत मतदान हुआ है। जिले का औसत मतदान 64.79 प्रतिशत रहा है। 

राघौगढ़ पर निगाहें

राघौगढ़ सीट पर हमेशा से ही पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का आधिपत्य रहा है। उनके इस गढ़ को भेद पाने में बीजेपी अभी तक के चुनावों में नाकाम रही है। पिछले दो बार से राघौगढ़ जितने के लिए बीजेपी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। साल 2018 में जब यहां चुनाव हुए थे तब कांग्रेस के 20 पार्षद चुनाव जीतकर आए थे, वहीं बीजेपी 4 सीटों पर सिमटकर रह गई थी। जबकि भाजपा की ओर से स्वयं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर और प्रभात झा जैसे दिग्गजों ने प्रचार किया था। 

इस बात भी बीजेपी के कई मंत्रियों ने यहां आकर प्रचार प्रसार किया। बीजेपी का दावा है कि इस बार वो इस सीट पर 15 से ज्यादा वार्डों पर जीत दर्ज करेगी। जबकि कांग्रेस इस बात को लेकर आश्वस्त नजर आ रही है कि 24 में सभी सीटों पर उसका कब्जा रहेगा। हालांकि ये तो 23 जनवरी को चुनाव परिणाम आने के बाद ही तय होगा कि किसके पाले में कितनी सीट गई। लेकिन विधानसभा चुनाव से ठीक पहले यह चुनाव दोनों पार्टियों के लिए बेहद अहम है।