कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल पार्टी से निष्कासित, मध्य प्रदेश कांग्रेस ने की कार्रवाई

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की तरफ़ से ज़ारी पत्र में मानक अग्रवाल को 6 साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित करने की बात कही गई है

Updated: Mar 15, 2021, 01:13 PM IST

Photo Courtesy : Twitter
Photo Courtesy : Twitter

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता मानक अग्रवाल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रभाष शेखर के दस्तखत से जारी एक पत्र में मानक अग्रवाल को छह साल के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निष्कासित किए जाने की बात कही गई है। पत्र में कहा गया है कि मानक अग्रवाल के खिलाफ यह कार्रवाई तत्काल प्रभाव से की जा रही है। 

प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी मानक अग्रवाल के नाम निष्कासन पत्र में लिखा गया है कि, 'प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अनुशासन समिति की आज दिनांक 15 मार्च, 2021 की बैठक में लिये गये निर्णय अनुसार आपको कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए निष्कासित किया जाता है।' 

मीडिया में आई खबरों के मुताबिक मानक अग्रवाल ने अपने खिलाफ की गई इस कार्रवाई को कांग्रेस संविधान के खिलाफ बताया है। अग्रवाल का कहना है कि वे ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के सदस्य हैं, लिहाजा प्रदेश इकाई को उनके खिलाफ इस तरह की कार्रवाई करने का अधिकार नहीं है। 

मानक अग्रवाल के निष्कासन को हिन्दू महासभा के नेता रहे बाबूलाल चौरसिया को कांग्रेस में शामिल कराए जाने को लेकर हुए विवाद से जोड़कर देखा जा रहा है। मानक अग्रवाल ने चौरसिया को गोडसे समर्थक बताते हुए उन्हें कांग्रेस में शामिल कराए जाने का कड़ा विरोध किया था। अग्रवाल ने इस मामले में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ की तीखा आलोचना भी की थी। 

मानक अग्रवाल ने उस वक्त ट्वीट किया था कि, 'कमलनाथ जी को यह स्पष्ट करना चाहिए कि वह गोडसे की विचारधारा के साथ हैं या गांधी जी की विचारधारा के साथ। जिस तरीके से उन्होंने अडानी और अंबानी की तारीफ पिछले दिनों  में करी है उससे यह स्पष्ट होता है कि वह हमेशा से पार्टी की विचारधारा के विपरीत चले हैं।'