MP: नशे में धुत भाजपा नेता की शर्मनाक हरकत, आदिवासी युवक के चेहरे पर किया पेशाब

आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। इस घटना ने पूरे मध्य प्रदेश को शर्मसार कर दिया है। दोषी व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए: कमलनाथ

Updated: Jul 05, 2023, 10:42 AM IST

सीधी। मध्य प्रदेश में भाजपा नेताओं की गुंडागर्दी हद पार कर गई है। प्रदेश के सीधी जिले से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां नशे में धुत भाजपा नेता ने बेकसूर आदिवासी युवक के चेहरे पर पेशाब कर दिया। मामला सामने आने के बाद पीसीसी चीफ कमलनाथ ने राज्य की सत्ता में काबिज भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है।

सोशल मीडिया पर इस शर्मनाक घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। घटना को लेकर प्रदेशभर के आदिवासियों में आक्रोश है। कांग्रेस ने आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की भी मांग की है। बताया ये भी जा रहा है कि नशे में धुत्त पेशाब करने वाला शख्स का नाम प्रवेश शुक्ला है। वह बीजेपी विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि है। हालांकि, बीजेपी इससे इनकार कर रही है।

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने इस घटना की भर्त्सना की है। कमलनाथ ने कहा कि, 'आदिवासी समाज के युवक के साथ ऐसी जघन्य और गिरी हुई हरकत का सभ्य समाज में कोई स्थान नहीं है। पेशाब करने वाला व्यक्ति भारतीय जनता पार्टी से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है। मध्य प्रदेश पहले ही आदिवासी अत्याचार में नंबर वन है। इस घटना ने पूरे मध्यप्रदेश को शर्मसार कर दिया है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि दोषी व्यक्ति को सख्त से सख्त सजा दी जाए और मध्य प्रदेश में आदिवासियों पर हो रहे अत्याचार को समाप्त किया जाए।'

विधायक प्रतिनिधि है इसलिए गिरफ्तार नहीं किया: अरुण यादव

कांग्रेस के कद्दावर नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने भी इस घटना को लेकर तीखी टिपण्णी की है। अरुण यादव ने ट्वीट किया, 'भाजपा राज में आदिवासी भाइयों का कैसे सम्मान करते है नज़ारा देखिये। मुख्यमंत्री जी - गृहमंत्री जी आप दोनों ज़बानी जमा-खर्च तो खूब करते हो मगर कार्यवाही कुछ नहीं होती। अभी तक यह व्यक्ति गिरफ्तार क्यों नहीं हुआ? पुलिस ने क्या इसीलिए गिरफ्तार नहीं किया कि यह एक विधायक प्रतिनिधि है?'

युवा आदिवासी नेता व MPYC चीफ डॉ विक्रांत भूरिया ने भी इस घटना की भर्त्सना की है। भूरिया ने कहा, 'आज बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है, जिसमें भाजपा नेता प्रवेश शुक्ला जो भाजपा विधायक का प्रतिनिधि है वह आदिवासी व्यक्ति पर पेशाब कर रहा है। यह भाजपा की मानसिकता दर्शाती है। ये कितने भी आदिवासियों के हितैषी बनें लेकिन ये हकीकत में आदिवासी विरोधी हैं। यही करना है कि आदिवासियों के साथ अत्याचार में भाजपा नेताओं का नाम सामने आता है। शिवराज जी, आदिवासियों को चप्पल पहनाने से बदलाव नहीं आएगा, भाजपा नेताओं की सोच बदलो।'

मामला तूल पकड़ने के बाद सीएम चौहान ने एनएसए के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उधर, बीजेपी ने दावा किया है कि आरोपी का पार्टी से कोई संबंध नहीं हैं। हालांकि, कांग्रेस ने कई दस्तावेज जारी किए हैं, जिनसे स्पष्ट है कि आरोपी भाजपा का सदस्य है और विधायक केदारनाथ शुक्ला का प्रतिनिधि है। कांग्रेस ने एक एफिडेविट जारी किया है जिसमें पीड़ित के हवाले से कहा गया कि मेरे साथ ऐसा कुछ भी नहीं हुआ है। कांग्रेस का दावा है कि भाजपा ने दबाव बनाकर पीड़ित से इस एफिडेविट पर हस्ताक्षर कराए हैं।