MP Election 2023: सागर में भाजपा का प्रचार वाहन पलटा, 3 की मौत और 11 गंभीर रूप से घायल

सागर में भाजपा कार्यकर्ताओं से भरा वाहन सड़क दुर्घटना का शिकार हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 लोग घायल हो गए।

Updated: Nov 05, 2023, 03:46 PM IST

Representative Image
Representative Image

सागर।  मध्य प्रदेश के सागर जिले से हादसे की एक बड़ी खबर सामने आई है। यहां भारतीय जनता पार्टी का एक प्रचार वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दौरान वाहन पर एक दर्जन से ज्यादा लोग सवार थे। इस दर्दनाक हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 11 लोग गंभीर घायल बताए जा रहे है। घटना के बाद घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।

रिपोर्ट्स के अनुसार सागर जिले के रहली थाना क्षेत्र अंतर्गत बगरोंन बरखेड़ा रोड़ पर भाजपा प्रत्याशी व मंत्री गोपाल भार्गव का प्रचार कर रहा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। वहीं इस घटना में 11 लोग के गंभीर रूप से घायल हो गए। 

हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। घायलों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से निजी अस्पताल सागर में भर्ती कराया गया हैं, जिनका इलाज जारी है। घटना शनिवार देर शाम की बताई जा रही है। वाहन में सवार होकर लोग प्रचार करने के लिए जा रहे थे, तभी अचानक से वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

रहली थाना प्रभारी मनीष त्रिपाठी ने बताया कि सड़क दुर्घटना में घायल लोगों को एंबुलेंस की मदद से पहले रहली स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर घायलों को सागर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बताया जा रहा है कि राजेश अहिरवार नाम की व्यक्ति की अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई, जबकि लखन अहिरवार नामक युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।