नहीं रहे समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद शफीकुर्रहमान बर्क, 94 साल की उम्र में निधन

अखिलेश यादव ने लिखा कि समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, कई बार के सांसद जनाब शफीकुर्रहमान बर्क साहब का इंतकाल, अत्यंत दु:खद। उनकी आत्मा को शांति दे भगवान।

Updated: Feb 27, 2024, 01:28 PM IST

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ सांसद शफ़ीक़ुर्रहमान बर्क का मंगलवार को निधन हो गया है। वह 94 साल के थे। सांसद बर्क बीते कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और अस्पताल में भर्ती थे। उन्हें इस महीने की शुरुआत में तबीयत बिगड़ने की वजह से मुरादाबाद स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उनका इलाज चल रहा था। बर्क के निधन से समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं में शोक की लहर दौड़ गई है।

शफीकुर्रहमान बर्क का जन्म 11 जुलाई 1930 को उत्तर प्रदेश के संभल में हुआ था। वह समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार के तौर पर से लोकसभा चुनाव जीतकर संसद पहुंचे थे। उन्होंने पहली बार समाजवादी पार्टी की टिकट पर 1996 में लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। वहीं, वह 2014 में बसपा से लोकसभा चुनाव लड़े थे और जीत हासिल की थी। बर्क चार बार विधायक और पांच बार सांसद रहे हैं।

समवाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शफीकुर्रहमान बर्क के निधन पर शोक जताया है। अखिलेश यादव ने एक्स पर पोस्ट किया, 'समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता, कई बार के सांसद जनाब शफीकुर्रहमान बर्क साहब का इंतकाल, अत्यंत दु:खद। उनकी आत्मा को शांति दे भगवान। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दु:ख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि।'

बीते दिनों शफीकुर्रहमान बर्क का एक वीडियो वायरल हुआ था। इस वीडियो में वह संसद भवन के सामने भाजपा के सांसद हरनाथ सिंह यादव से बातचीत करते दिख रहे हैं। इस वीडियो में भाजपा सांसद उनकी सेहत के राज पूछते सुने जा सकते हैं। आप क्या खाते हैं के सवाल पर शफीकुर्रहमान बर्क ने कहा कि मैं सिर्फ एक टाइम ही खाता हूं और वो भी सादी रोटी और दाल या सब्जी के साथ। इसपर भाजपा सांसद उनसे पूछते हैं कि क्या आप नॉनवेज नहीं खाते हैं। इसपर शफीकुर्रहमान बर्क ने जवाब दिया कि रोजाना तो नहीं लेकिन कभी कभार मन किया तो ही।