कोलकाता की सरकारी बिल्डिंग में आग लगने से 4000 EVM जले, हाल के विधानसभा चुनाव में हुआ था इस्तेमाल
कोलकाता के अलीपुर इलाके में नौ मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। इस इमारत में अन्य विभागों के अलावा दक्षिण 24 परगना जिला परिषद का कार्यालय भी था।
कोलकाता। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस की टूट से मचे सियासी घमासान के बीच कोलकाता से हैरान करने वाली घटना सामने आई है। कोलकाता के अलीपुरद्वार इलाके में एक बिल्डिंग में आग लगने से 4000 ईवीएम जल गई हैं। आग लगने के बाद लगभग 24 घंटे तक फायर सर्विस के कर्मचारी आग बुझाने में लगे रहे। इन EVM का इस्तेमाल हाल के विधानसभा चुनाव में हुआ था।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बुधवार को दक्षिण कोलकाता के अलीपुर इलाके में नौ मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई थी। इस इमारत में अन्य विभागों के अलावा दक्षिण 24 परगना जिला परिषद का कार्यालय भी था। बंगाल सरकार में फायर और इमरजेंसी सर्विस के राज्य मंत्री कौशिक चौधरी ने कहा आग में करीब 4000 ईवीएम नष्ट हो गईं। इन ईवीएम का इस्तेमाल राज्य में इस साल हुए विधानसभा चुनावों के दौरान 10 निर्वाचन क्षेत्रों में किया गया था।
EVMs में आग लगने की घटना के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं। राज्य की भाजपा सरकार भी साजिश की आशंका जता रही है। राज्य के अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा राज्यमंत्री कौशिक चौधरी ने गुरुवार को घटनास्थल का दौरा करने के बाद पत्रकारों से कहा कि प्रथम दृष्टया यह सामान्य आग नहीं लगती और मामले में साजिश की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
मंत्री के अनुसार, नष्ट हुई ईवीएम मशीनों का इस्तेमाल हाल में संपन्न हुए बंगाल विधानसभा चुनाव में 10 विधानसभा क्षेत्रों में किया गया था। कौशिक चौधरी ने बताया कि आग सबसे पहले भवन की दूसरी और तीसरी मंजिल पर देखी गई थी, लेकिन बाद में सातवीं, आठवीं, नौवीं और दसवीं मंजिल तक पहुंच गई। इस भीषण अग्नकांड में कई महत्वपूर्ण सरकारी फाइलें व कागजात भी जलकर खाक हो गईं।
चौधरी ने कहा कि यदि आग दूसरी और तीसरी मंजिल से शुरू हुई थी, तो चौथी, पांचवीं और छठी मंजिल को अपेक्षाकृत कम प्रभावित करते हुए यह ऊपरी मंजिलों तक कैसे पहुंची? इसकी जांच की जा रही है। फिलहाल फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार है।




