मध्य प्रदेश के मौसम ने ली करवट, कई जगहों पर जोरदार बारिश के साथ ओले भी गिरे

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में फिर लौटेगी ठंड, भोपाल में बारिश, ग्वालियर-चंबल संभाग, नीमच, गुना, मंदसौर में बारिश के साथ ओले गिरने की संभावना

Updated: Jan 04, 2021, 07:54 PM IST

Photo Courtesy: Times of India
Photo Courtesy: Times of India

भोपाल। मध्य प्रदेश के मौसम में बदलाव का दौर जारी है। भोपाल समेत प्रदेश के कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है। जिससे ठंड बढ़ गई है। वहीं नीमच जिले में बारिश के साथ ओले गिरे हैं। मौसम विभाग ने ग्वालियर-चंबल संभाग समेत नीमच, गुना, मंदसौर में बारिश के साथ ओल गिरने की संभावना जताई हैं।  

वहीं प्रदेश के कई संभागों में बारिश के लिए भी अलर्ट जारी किया गया है। प्रदेश के मंदसौर, नीमच, निवाड़ी, टीकमगढ़ में बारिश की आशंका है। होशंगाबाद, हरदा, देवास, भोपाल, विदिशा, सीहोर, सागर समेत कई जिलों में सोमवार को बादल छाए रहे। सूरज नहीं निकलने की वजह से मौसम ठंडा हो गया है। कई जिलों में शीतलहर के कारण बढ़ी ठंड से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के अनुसार भोपाल समेत कई जिलों में पारा करीब 2 से 3 डिग्री तक गिरने की उम्मीद है। भोपाल में कई स्थानों पर धुंध छाई रही। सुबह कोहरा होने की वजह से लोगों को गाड़ी चलाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

पश्चिमी विक्षोभ की वजह से सोमवार से हिमालय क्षेत्र में अच्छी बर्फबारी होगी। आगामी दो दिनों में हवा का रुख उत्तरी होगा। जिससे सर्द हवाएं चलेंगी, इसकी वजह से न्यूनतम तापमान में एक बार फिर गिरावट दर्ज होगी। गौरतलब है कि रविवार तक दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही थी, जिससे लोगों को ठंड से थोड़ी राहत मिली थी। लेकिन अब बारिश की वजह से सर्दी एक बार फिर बढने के आसार हैं।