कांग्रेस अध्यक्ष का भाई होना ही मेरी गलती, मैं तीन साल पहले ड्रग्स लेता था: नाना पटवारी
मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी ने पुलिस हिरासत से छूटने के बाद कहा कि वह पहले ड्रग्स लेते थे, लेकिन पिछले तीन साल से पूरी तरह नशे से दूर हैं।
इंदौर। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई नाना पटवारी को पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस ने इसे प्रतिशोध की राजनीति करार दिया है। वहीं, पुलिस हिरासत से छूटने के बाद नाना पटवारी कहा कि वह पहले ड्रग्स लेते थे, लेकिन पिछले तीन साल से पूरी तरह नशे से दूर हैं।
पुलिस हिरासत से बाहर आने के बाद नाना पटवारी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनकी सबसे बड़ी गलती सिर्फ इतनी है कि वह कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के भाई हैं। उन्होंने दावा किया कि जिन लोगों को पुलिस ने पकड़ा है, उनसे उनका इस मामले में कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि वह अपनी गाड़ी सर्विसिंग के लिए देने जा रहे थे, तभी पुलिस उन्हें अपने साथ ले गई।
नाना पटवारी के मुताबिक पुलिस उन्हें थाने लेकर गई, जहां सिर्फ उनका नाम पूछा गया। उन्होंने आरोप लगाया कि हिरासत में लेने के बाद उन्हें यह तक नहीं बताया गया कि आखिर उन्हें क्यों पकड़ा गया है। उनका कहना है कि पुलिस ने सिर्फ इतना कहा कि बाद में सब पता चल जाएगा। उन्होंने दावा किया कि सुबह करीब 10 बजे उन्हें सर्विस सेंटर से उठाया और पूरे दिन शहर में घुमाने के बाद रात में छोड़ दिया।
मीडिया से बातचीत में नाना पटवारी ने स्वीकार किया कि वह पहले ड्रग्स का सेवन करते थे। हालांकि उन्होंने साफ कहा कि यह बात पुरानी है और पिछले तीन साल से उन्होंने नशे को पूरी तरह छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि आज उनका ड्रग्स या किसी भी अवैध गतिविधि से कोई लेना-देना नहीं है और उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद हैं।
नाना पटवारी ने कहा कि जिस स्कॉर्पियो वाहन की चर्चा हो रही है, वह उनकी नहीं बल्कि संजय कौशल की है। उन्होंने कहा कि वाहन से जो भी सामान बरामद हुआ है, उससे उनका कोई संबंध नहीं है। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस ने उनसे संजय कौशल और इरफान के बारे में पूछताछ की थी। नाना के मुताबिक ये दोनों चुनाव के दौरान कार्यकर्ता के रूप में काम कर चुके हैं, लेकिन वर्तमान मामले से उनका कोई लेना-देना नहीं है।




