बीजेपी विधायक प्रीतम लोधी का बेटा फरार घोषित, कोर्ट ने जारी किया स्थायी गिरफ्तारी वारंट

ग्वालियर की विशेष एससी-एसटी कोर्ट ने भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी के बेटे दिनेश लोधी को फरार घोषित करते हुए उनके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया है।

Updated: Jul 10, 2026, 01:54 PM IST

ग्वालियर। शिवपुरी जिले की पिछोर सीट से भाजपा विधायक प्रीतम सिंह लोधी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अपने विवादित भाषणों और बयानों के कारण हमेशा चर्चा में रहने वाले विधायक लोधी के बेटे दिनेश लोधी को लेकर अब अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। ग्वालियर की विशेष अदालत (एट्रोसिटीज) ने विधायक के बेटे दिनेश लोधी को आधिकारिक तौर पर फरार घोषित कर दिया है।

विशेष न्यायाधीश नवीन कुमार शर्मा की कोर्ट ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अभियुक्त के खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी करने के आदेश दिए हैं। इसके साथ ही कोर्ट ने संबंघित रिकॉर्ड को लाल स्याही में लिखी टिप्पणी के साथ सुरक्षित रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं। अब केस रिकॉर्ड के पहले पन्ने पर लाल स्याही से लिखा होगा, "प्रकरण में अभी अभियुक्त फरार है।"

बता दें कि ये पूरा मामला ग्वालियर के पुरानी छावनी थाना क्षेत्र का है। इसी थाने में जलालपुर गांव के रहने वाले 40 वर्षीय दिनेश लोधी के खिलाफ पुलिस ने एससी-एसटी एक्ट के तहत प्रकरण क्रमांक 106/2023 दर्ज किया था। कोर्ट के आधिकारिक रिकॉर्ड के मुताबिक, इस मामले में कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाते हुए दिनेश लोधी के खिलाफ 28 दिसंबर 2023 को पहली बार अदालत द्वारा गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था।

हालांकि, इस शुरुआती वारंट के जारी होने के बाद से ही आरोपी कानूनी प्रक्रिया से बचता नजर आया। वह लगातार कोर्ट की तारीखों और पेशी से नदारद चल रहा है। पिछले लंबे समय से अदालत में उपस्थित न होने और पुलिस की गिरफ्त से दूर रहने के कारण ही अब न्यायालय को इस मामले में बेहद सख्त रुख अख्तियार करना पड़ा है।