भोपाल में 60 वर्षीय बुजुर्ग ने फांसी लगाकर की आत्महत्या, पैरालिसिस के बाद से डिप्रेशन में थे
भोपाल के बैरागढ़ में 60 वर्षीय मनोहर लाल रैकवार ने बीमारी और मानसिक तनाव के चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार सुबह पत्नी ने उन्हें पहली मंजिल पर फंदे से लटका पाया।
भोपाल। राजधानी भोपाल के बैरागढ़ थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान बेटा गांव निवासी मनोहर लाल रैकवार (पिता मोहनलाल रैकवार) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वे लंबे समय से गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे और इसी वजह से मानसिक तनाव में थे। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मनोहर लाल रैकवार पेशे से प्लंबर थे। करीब आठ महीने पहले उन्हें पैरालिसिस (लकवा) का अटैक आया था। जिसके बाद से उनकी तबीयत लगातार खराब रहने लगी थी। बीमारी के कारण उनके शरीर का एक हिस्सा काम करना बंद कर चुका था। जिसकी वजह से रोजमर्रा के सामान्य कार्य करना भी उनके लिए मुश्किल हो गया था। स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के चलते वे काफी समय से मानसिक रूप से परेशान और अवसाद की स्थिति में बताए जा रहे थे।
यह भी पढ़ें:देशभर में मानसून का असर, कई राज्यों में बाढ़-बारिश और लैंडस्लाइड से जनजीवन प्रभावित
शुक्रवार सुबह उनकी पत्नी जब नींद से उठकर घर की पहली मंजिल पर पहुंचीं तो उन्होंने मनोहर लाल को पाइप के सहारे फंदे से लटका हुआ देखा। यह देखते ही उन्होंने शोर मचाया जिसके बाद आसपास रहने वाले रिश्तेदार मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर उन्हें नीचे उतारा लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद तत्काल बैरागढ़ थाना पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मौके का निरीक्षण किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में बीमारी और उससे उपजे मानसिक तनाव को आत्महत्या की संभावित वजह माना जा रहा है। हालांकि, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:MP में गजब का फ्रॉड, एक साथ तीन जगह पदस्थ था डॉक्टर, रिश्वत लेते पकड़े जाने पर खुली पोल




