नरेंद्र सिंह तोमर को उनके बेटे के वायरल वीडियो पर जवाब देना होगा: दिग्विजय सिंह

करोड़ों रुपए के लेन-देन और रिश्वत की बाते हैं। इस वायरल वीडियो को लेकर नरेंद्र सिंह तोमर जी का बयान सामने आया है क्या? इसमें नरेंद्र सिंह तोमर को बयान देना चाहिए: दिग्विजय सिंह

Updated: Nov 08, 2023, 12:10 PM IST

इंदौर। विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस बेहद आक्रामक नजर आ रही है। कांग्रेस के तमाम नेता सत्ताधारी दल पर निशाना साध रहे हैं। इसी बीच दिग्विजय सिंह ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के वायरल वीडियो मामले में बड़ा बयान दिया है। सिंह ने कहा कि करोड़ों के लेनदेन का मामला है। तोमर को इसपर जवाब देना होगा।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह मंगलवार देर रात इंदौर पहुंचे और यहां उन्होंने मीडिया से विस्तृत बातचीत की। सिंह ने केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के बेटे के वायरल वीडियो के बारे में कहा कि करोड़ों रुपए के लेन-देन और रिश्वत की बाते हैं। इस वायरल वीडियो को लेकर नरेंद्र सिंह तोमर जी का बयान सामने आया है क्या? नरेंद्र सिंह तोमर के पुत्र का सवाल नहीं है। यह नरेंद्र सिंह तोमर जो कि केंद्रीय कृषि मंत्री है, उन पर यह सवाल उठता है और उन्हें इस पूरे मामले पर अपना बयान देना चाहिए। फिलहाल उनके बेटे ने एफआईआर दर्ज कराई है। यह ठीक बात है, लेकिन काफी स्पष्ट तौर पर यह बात सामने आ रही है। इसमें नरेंद्र सिंह तोमर को बयान देना होगा।

यह भी पढ़ें: गंगा-जमुनी तहजीब का शहर है भोपाल, भाजपा के लोग माहौल बिगाड़ने की कोशिश में हैं: मल्लिकार्जुन खड़गे

सिंह ने केंद्र पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार से गरीब और मध्यम वर्ग परेशान है। सरकार ने बड़े उद्योगपतियों के 25 लाख करोड़ का कर्ज माफ किए हैं, लेकिन गरीब किसान, मजदूर, व्यापारी का एक रुपये का कर्ज भी माफ नहीं किया। 70 कॉर्पोरेट घरानों के पास के पास देश के बजट के बराबर संपत्ति है। सिंह ने कहा कि इस बार मप्र में बीजेपी कोई रिकवर नहीं कर रही है, वह लगातार पीछे हो रही है। सीटों को लेकर दोनों के बीच गैप बढ़ रहा है। कांग्रेस 130 से ज्यादा सीट लाकर सरकार बना रही है।

भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय के चुनाव लड़ने पर दिग्विजय सिंह ने कहा कि विजयवर्गीय कलाकार हैं। लेकिन इस बार वे संकट में हैं। सिंह ने कहा कि बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, महंगाई जैसे मुद्दों से भाजपा ध्यान भटकाने के लिए धर्म को हथियार बना रही है, लेकिन जनता समझ चुकी है। इस तरह के हथकंडों से भाजपा को कोई फायदा नहीं है। वे कर्नाटक में बजरंगबली को चुनाव में ले आए, लेकिन उसमें उनका फायदा नहीं हुआ। भाजपा किसी भी तरह जनता का ध्यान बांटने का कुटिल प्रयास कर रही है।

भाजपा और कांग्रेस दोनों पार्टी के बागियों को लेकर सिंह ने कहा कि ऐसी 8 या 10 सीटें होंगी, जहां पर बागी उम्मीदवार बीजेपी या कांग्रेस को नुकसान पहुंचाने की क्षमता रखते हैं। महू से बगावत कर चुनाव में उतरे कांग्रेस के पूर्व विधायक अंतर सिंह दरबार को लेकर दिग्विजय सिंह ने कहा कि दरबार ने टिकट मांगा था। पार्टी ने उन्हें 5 बार टिकट दिया। वे 2 बार चुनाव जीते, 3 बार हारे। लेकिन इस बार वह तय क्राइटेरिया में नहीं आते थे, इसलिए टिकट नहीं दिया गया। उन्हें बागी होकर चुनाव नहीं लड़ना चाहिए।