चित्रकूट में पीएम मोदी ने रामभद्राचार्य की किताबों का किया विमोचन, संस्कृत को बताया प्रगति और पहचान की भाषा

PM ने रामभद्राचार्य महाराज से कहा कि अदालत से लेकर अदालत के बाहर तक जिस राम मंदिर के लिए आपने योगदान दिया, वो भी बनकर तैयार होने जा रहा है।

Updated: Oct 27, 2023, 06:20 PM IST

चित्रकूट। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को मध्य प्रदेश के सतना जिले में स्थित चित्रकूट पहुंचे थे। यहां वे अरविंद भाई मफतलाल की 100वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद वे जगदगुरु रामभद्राचार्य की किताबों का विमोचन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने इशारों में विपक्ष पर निशाना साधने के अलावा राम मंदिर का भी जिक्र किया।

जगदगुरु रामभद्राचार्य की तीन किताबों का विमोचन करने के बाद पीएम मोदी ने कहा कि रामभद्राचार्य जी जन्म से नेत्रहीन हैं लेकिन नेत्रों के बिना भी उन्होंने संस्कृत साहित्य को और सनातन धर्म को ऊंचाईयों पर ले जाने के लिए बड़ा योगदान दिया है। इसलिए हमारी सरकार ने जगदगुरु को पद्म विभूषण सम्मान से नवाजा था। 

यह भी पढ़ें: MP Elections 2023: BJP ने जारी की स्टार प्रचारकों की सूची, पूर्व सीएम उमा भारती का नाम गायब

पीएम मोदी ने आगे कहा कि दुनिया की बड़ी-बड़ी यूनिवर्सिटी में संस्कृत में रिसर्च होती है। गुलामी के एक हजार साल के कालखंड में भारत को तरह-तरह से उखाड़ने का प्रयास किया और इन्हीं में से एक था संस्कृत भाषा का पुरी तरह से विनाश। लेकिन आजादी के बाद जिन लोगों में गुलामी की मानसिकता थी, उन्होंने संस्कृत भाषा का उत्थान नहीं होने दिया। दूसरे देश की भाषा जानने को ये लोग पसंद करते हैं लेकिन संस्कृत को पिछड़नेपन की भाषा मानते हैं।

पीएम मोदी ने आगे कहा कि संस्कृत केवल परंपराओं की भाषा नहीं है। ये हमारी पहचान की भाषा भी है। बीते 9 सालों में हमने संस्कृत के विकास में काफी काम किए हैं। PM मोदी ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज से कहा कि अदालत से लेकर अदालत के बाहर तक जिस राम मंदिर के लिए आपने योगदान दिया, वो भी बनकर तैयार होने जा रहा है। इस दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज ने PM से रामचरित मानस को राष्ट्र ग्रंथ करने की मांग की।

प्रधानमंत्री का पिछले 7 दिन में मध्य प्रदेश का यह दूसरा दौरा है। 21 अक्टूबर को वे ग्वालियर में सिंधिया स्कूल के 125वें स्थापना दिवस पर आए थे। उन्होंने स्टूडेंट्स से संवाद भी किया था। पिछले 7 महीने की बात करें तो यह PM का मध्यप्रदेश का 11वां दौरा है।