BJP विधायकों और मंत्रियों के परिजनों को दान में मिली करोड़ों रूपए की संपत्तियों की हो जांच: दिग्विजय सिंह

भाजपा विधायक प्रदीप लारिया द्वारा पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार करके अर्जित की गई धनराशि से अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई बेशकीमती जमीन को स्वयं की पुत्र अंशुल लारिया एवं पत्नी रेणु लारिया के नाम पर दान पत्र कराई गई है: दिग्विजय सिंह

Updated: Oct 12, 2023, 05:47 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री व राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह ने प्रदेश में भाजपा नेताओं द्वारा अर्जित की गई संपत्तियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं। सिंह ने आरोप लगाया है कि पिछले 18 साल में भाजपा नेताओं द्वारा भ्रष्टाचार के पैसों से करोड़ों की जमीन दूसरों के नाम पर खरीदी और उन्हें दान के रूप में हस्तांतरित कराई जा रही है। उन्होंने BJP विधायकों और मंत्रियों के परिजनों को दान में मिली करोड़ों रूपए की संपत्तियों की जांच की मांग की है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने गुरुवार को बयान जारी कर आरोप कि 2004 से लेकर 2023 तक लगभग साढ़े 18 साल के भाजपा के शासनकाल में भाजपा विधायक व मंत्रियों ने भ्रष्टाचार का सहारा लेकर अकूत धन-संपत्ति अर्जित की है। उन्होंने भाजपा नेता मजबूर और गरीबों की जमीन हथियाने और कब्जाने के मामले में भी पीछे नहीं हैं। उन्होंने नरयावली विधानसभा क्षेत्र का उदाहरण देते हुए भाजपा विधायक प्रदीप लारिया पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

सिंह ने कहा कि पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने उनके संज्ञान में ऐसा ही मामला लाया है जिसमें सागर जिले के नरयावली विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप लारिया द्वारा अपनी पत्नी व पुत्र के नाम पर बेशकीमती जमीन दानपत्र द्वारा वसीयत कराई गई है। उन्होंने बताया कि पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने उन्हें पत्र लिखकर विधायक प्रदीप लारिया द्वारा किए गए जमीन के सौदे का विवरण देते हुए बताया कि प्रदीप लारिया द्वारा पद का दुरुपयोग कर भ्रष्टाचार करके अर्जित की गई धनराशि से अपने रिश्तेदारों के नाम पर खरीदी गई बेशकीमती जमीन (कीमत लगभग 25 करोड रुपए) को स्वयं की पुत्र अंशुल लारिया एवं पत्नी रेणु लारिया के नाम पर दान पत्र कराई गई है। 

दिग्विजय सिंह ने आगे कहा कि पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी के बताए अनुसार प्रदीप लारिया की पत्नी रेणु लारिया को वसीयतकर्ता कौशल्या जाटव जो कि विधायक की रिश्ते में सरहज हैं व जिनके पति कैलाश यादव (एलआईसी एजेंट) की माली हालत ऐसी नहीं थी कि वे करोड़ों रूपय की जमीन खरीदें व दान कर दें। इसी तरह लारिया की सास इंद्राणी पति धन प्रसाद उर्फ राजाराम ने प्रदीप लारिया के बेटे अंशुल लारिया के नाम पर भी वसीयत की है दोनों बेशकीमती जमीनों की कीमत लगभग 25 करोड रुपए हैं।  

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि अमूमन पूरे प्रदेश में भाजपा के दलाल, मंत्री, नेता इसी तरह से अपने नाम जमीन हस्तांतरित करवा रहे हैं। सिंह ने बताया कि सुरेंद्र चौधरी की शिकायत पर उन्होंने विधायक प्रदीप लारिया के पुत्र एवं पत्नी द्वारा दान में प्राप्त संपत्ति की जांच करवाने तथा दानकर्ता के इन लोगों से संबंध और उनके द्वारा अर्जित संपत्ति की निष्पक्ष जांच करवाने हेतु लोकायुक्त को पत्र लिखा है जिससे भ्रष्टाचार से अर्जित की गई संपत्तियों का खुलासा हो सके और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दोषियों पर कार्रवाई हो सके।