MP में कालापीपल से चुनाव प्रचार का आगाज करेंगे राहुल गांधी, 30 सितंबर को किसानों के बीच भरेंगे हुंकार

विधानसभा चुनाव को लेकर राहुल गांधी का मध्य प्रदेश का पहला दौरा कार्यक्रम, शाजापुर जिले के कालापीपल से भरेंगे हुंकार

Updated: Sep 26, 2023, 02:45 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बस कुछ समय ही बाकी है, ऐसे में कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। कांग्रेस का जन आक्रोश यात्रा सात विभिन्न क्षेत्रों में है और सात दिग्गज इसका नेतृत्व कर रहे हैं। वहीं, केंद्रीय नेताओं का दौरा भी शुरू हो गया है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी इस महीने के अंत में मध्य प्रदेश का दौरा करेंगे।

मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष संगठन श्री राजीव सिंह ने बताया कि राहुल गांधी 30 सितंबर को शाजापुर जिले के कालापीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राहुल गांधी का विधानसभा चुनाव से पूर्व मध्य प्रदेश का यह पहला दौरा कार्यक्रम है। राजीव सिंह ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मध्य प्रदेश में जनता का ऐतिहासिक और अभूतपूर्व स्नेह मिला था। राहुल गांधी का शाजापुर दौरा भी मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए निर्णायक साबित होगा।

दरअसल, राहुल गांधी पड़ोसी राज्यों छत्तीसगढ़ और राजस्थान में चुनाव प्रचार का आगाज कर चुके हैं। मध्य प्रदेश में कांग्रेस कार्यकर्ता काफी समय से राहुल गांधी के दौरे की मांग कर रहे थे। ऐसे में राहुल गांधी अब इस हफ्ते शनिवार को शाजापुर जिले के कलापीपाल से ही मध्य प्रदेश में चुनाव प्रचार अभियान का आगाज करेंगे।

राहुल गांधी कालापीपल में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। जानकारी के मुताबिक राहुल गांधी की इस सभा में बड़ी संख्या में किसान शामिल होंगे। कलापीपल से कांग्रेस के कुणाल चौधरी वर्तमान में विधायक हैं। राहुल गांधी के अलावा प्रियंका गांधी की भी प्रदेश में कई सभाएं हैं। प्रियंका गांधी पांच अक्टूबर को धार के मोहनखेड़ा और सरदारपुर में बड़ी रैली को संबोधित करेंगी।