MP में बारिश का दौर, गुना में कोहन नदी में ट्रैक्टर-ट्राली बहने से दो की मौत, एक बाइक सवार भी बहा
गुना के फतेहगढ़ इलाके में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे कोहन नदी को पार करते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक बह गई। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई।

गुना। मानसूनी बारिश से पूरा मध्य प्रदेश तरबतर हो गया है। प्रदेशभर में नदी नाले उफान पर हैं। उफनते नदी-नालों में लोगों के बहने की भी घटनाएं सामने आ रही है। गुना के फतेहगढ़ इलाके में शनिवार सुबह करीब 7:30 बजे कोहन नदी को पार करते समय एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और बाइक बह गई। इन दो अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार फतेहगढ़ क्षेत्र के निवेरी गांव के दो सगे भाई करण उम्र 18 वर्ष और सागर अहिरवार उम्र 14 वर्ष पुत्र हीरालाल अहिरवार शनिवार रात करीब 9:30 बजे ट्रैक्टर-ट्राली से अपने गांव लौट रहे थे। दोनों अपने पिता के साथ लहसुन बेचने राजस्थान की मंडी में गए थे।
पिता हीरालाल पीछे जीप से आ रहे थे। ट्रैक्टर करण चला रहा था, जबकि सागर पास ही बैठा था। दोनों कोहन नदी के पुल पर पहुंचे तो नदी उफान पर थी। पुल के ऊपर से पानी बह रहा था। इस दौरान एक अन्य ट्रैक्टर चालक ने उफनती नदी का पुल पार करने की कोशिश की, मौके पर मौजूद लोगों ने मना किया तो वह आधे रास्ते से ही वापस लौट आया।
दोनों सगे भाई नहीं माने और कुछ दूरी तय करने के बाद नदी के तेज बहाव में पुल से ट्रैक्टर-ट्राली सहित बह गए। इसके बाद से ही दोनों का कुछ पता नहीं चल रहा था। शनिवार को दोनों भाइयों को तलाश ने रेस्क्यू किया गया, पर वह नहीं मिले। इसके 36 घंटे बाद रविवार को उनका शव बरामद हुआ।
इसी तरह शुक्रवार रात एक दूसरी घटना में ही फतेहगढ़ क्षेत्र की ही बरसाती नदी में एक अन्य युवक बह गया था। हालांकि उसका शव शनिवार को ही कोहन नदी में मिल गया था। इस तरह मानसून के बाद हुई बारिश में नदी उफनने से जिले में बहने से तीन युवकों की मौत अब तक हो चुकी है। ज्ञातव्य हो फतेहगढ़ क्षेत्र की बरसती और मगरोड़ा नदी कोहन नदी में जाकर मिलती हैं। कोहन नदी आगे चलकर पार्वती नदी में मिल जाती है।