जयंती पर याद किए गए राजीव गांधी, कांग्रेस ने मनाया सद्भावना दिवस, कमलनाथ-दिग्विजय ने साधा बीजेपी पर निशाना

कमलनाथ ने बीजेपी पर लगाया संविधान खत्म करने का आरोप, दिग्विजय सिंह बोले- राजीव जी ने महिलाओं को आरक्षण देने का प्रस्ताव लाया था, लेकिन बीजेपी ने इसका भी विरोध किया

Updated: Aug 20, 2022, 11:37 AM IST

भोपाल। देश के पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आज 78वीं जयंती है। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस नेताओं ने आज सद्भावना दिवस मनाते हुए राजीव चौक स्थित राजीव गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांग्रेस नेताओं राजीव गांधी को याद करते हुए उनके बताए हुए रास्तों पर चलने का संकल्प लिया। पूर्व सीएम कमलनाथ और दिग्विजय सिंह ने इस दौरान बीजेपी पर निशाना भी साधा।

कमलनाथ ने इस दौरान केंद्र की बीजेपी सरकार पर संविधान को खत्म करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है उसे समझें, आज हमें सावधान रहना है। किस तरह से हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। आज हमारे संविधान का माखौल उड़ाया जा रहा है। बाबा साहब अंबेडकर ने हमें संविधान दिया जो पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। संविधान गलत हाथों में चला जाए उसका क्या परिणाम होगा। मैं आप लोगों को सावधान करना चाहता हूं।'

यह भी पढ़ें: जी भाई साहब जी: बीजेपी की राजनीति में एसपी कलेक्‍टर की दुर्गति, जनता बोली लाचार हैं अफसर

सद्भावना दिवस के मौके पर पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह ने कहा कि, 'राजीव गांधी जी ने पहली बार इस देश में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए अहम कदम उठाए, उन्हें स्थानीय निकायों में चुनाव लड़ने के लिए स्थान आरक्षित किया। संविधान में संशोधन करने के लिए उन्होंने प्रस्ताव लाए। लेकिन लोकसभा में दो तिहाई बहुमत से पास होने के बाद भी राज्यसभा में विपक्ष ने जिसमें भारतीय जनता पार्टी भी शामिल थी, इसका विरोध किया और केवल आधे वोट से संविधान में महिलाओं को आरक्षण नहीं मिला पाया। यह ऐतिहासिक सत्य है।'

सिंह ने आगे कहा कि, 'सन 1991 में उनकी दुखद हत्या कर दी गई। लेकिन उसके बाद नरसिम्हा राव जी सबसे पहले उनका सपना पूरा करने के लिए संविधान संशोधन लेकर आए और सर्वसम्मति से लोकसभा और राज्यसभा में महिलाओं के लिए आरक्षण का कानून लागू। पहले 21 साल के उम्र आने के बाद ही कोई वोट डाल सकता था। राजीव जी ने वोट डालने का उम्र 21 से घटाकर 18 साल किया। साथ ही जो कंप्यूटर युग आया, इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी को उन्होंने तरजीह दी जिस वजह से लोग आज नौकरी पा रहे हैं। इसका भी विरोध विपक्ष ने शुरू से किया था।'