BJP MLA राजेंद्र शुक्ला ने CM नहीं सोनू सूद से मांगी मदद

मंत्री रहे राजेंद्र शुक्ल मुख्‍यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की घोषणाओं की हकीकत जानते हैं : कांग्रेस

Publish: Jun 04, 2020, 04:29 AM IST

एक तरफ जहां मध्यप्रदेश की बीजेपी सरकार दूसरे प्रदेशों के मजदूरों को उनके घर पहुंचाने का दावा करते नहीं थक रही। वहीं शिवराज सरकार के पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने मुंबई में फंसे रीवा के मजदूरों को वापस भेजने के लिए एक्टर सोनू सूद से मदद की गुहार लगाई है। बीजेपी नेता के एक्टर से मदद मांगने पर कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है। कांग्रेस ने कहा है कि पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ कई वर्ष मंत्री रहे हैं, वो उनकी घोषणाओं की हक़ीक़त जानते हैं। इसलिये उन्होंने शिवराज सिंह चौहान की नहीं बल्कि अभिनेता सोनू सूद की मदद ली।

शिवराज सरकार में मंत्री रहे राजेंद्र शुक्ला ने मध्यप्रदेश के विंध्य क्षेत्र के लोगों की लिस्ट भी सोनू सूद को भेजी थी, जो लॉकडाउन में मुंबई में फंसें हैं। सोनू सूद ने भी राजेंद्र शुक्ला को जवाब देते हुए लिखा कि सर, अब कोई भाई कहीं नहीं फंसेगा। आपके प्रवासी भाई कल आपके पास भेज दिए जाएंगे। अब इस मदद की मांग पर तंज कसते हुए मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने ट्वीट किया है कि पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ल मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के साथ कई वर्ष मंत्री रहे हैं, वो उनकी घोषणाओं की हक़ीक़त जानते हैं। इसलिये उन्होंने अपने क्षेत्र के मुंबई में फंसे मज़दूरों को वापस बुलाने के लिये शिवराज सिंह की नहीं बल्कि अभिनेता सोनू सूद की मदद ली।