भीम आर्मी चीफ के खिलाफ कार्रवाई ना होने पर भड़के रोहिणी के परिजन, संसद के सामने आत्महत्या की दी धमकी

इंदौर की पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी ने नगीना से सांसद चंद्रशेखर आज़ाद रावण पर शादी का झांसा देकर शोषण और प्रताड़ना का आरोप लगाया था। अब रोहिणी की मां ने चेतावनी दी है कि न्याय न मिलने पर परिवार सामूहिक आत्महत्या कर लेगा।

Publish: Sep 25, 2025, 07:35 PM IST

इंदौर। इंदौर की रहने वाली पीएचडी स्कॉलर डॉ. रोहिणी घावरी ने बीते दिनों उत्तर प्रदेश के नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण पर शादी का झांसा देकर शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया था। इस मामले में कार्रवाई न होने पर रोहिणी के परिजनों ने आत्महत्या की धमकी दी है। रोहिणी की मां नूतन घावरी ने कहा कि अगर मेरी बेटी को न्याय नहीं मिला तो पूरा परिवार संसद भवन के सामने सामूहिक आत्महत्या कर लेगा।

इससे पहले स्विट्जरलैंड में पीएचडी कर रही रोहिणी ने भी अपने सोशल मीडिया पर कई पोस्ट कर आत्महत्या की बात कही थी। एक पोस्ट में उन्होंने लिखा था कि उनका जीवन बर्बाद कर दिया गया है। जिसकी वजह से वह अब जहर खाकर जान दे देंगी। उन्होंने पीएम मोदी और पीएमओ को टैग करते हुए लिखा था कि उनकी लाश वापस देश ना लाई जाए। रोहिणी के इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनका परिवार दहशत में है।

यह भी पढ़ें:बर्फीली चोटियां, बादलों के बीच सफर, 17 हजार फीट की ऊंचाई पर सेना ने जनता के लिए खोला खूबसूरत रास्ता

सांसद के दबाव में पुलिस नहीं कर रही कार्रवाई
रोहिणी के पिता शिव घावरी ने बताया कि बेटी ने जुलाई में ही उन्हें पूरे मामले की जानकारी दे दी थी और कहा था कि दिल्ली जाकर शिकायत करनी पड़ेगी। जिसके बाद रोहिणी के पिता दिल्ली पुलिस कमिश्नर से मिले भी। लेकिन जवाब में कहा गया कि शिकायत करने के लिए बेटी को खुद आना होगा। जिसके बाद अगस्त में रोहिणी खुद स्विट्जरलैंड से भारत लौटीं और दिल्ली पुलिस से मिलीं। लेकिन इसके बावजूद एफआईआर दर्ज नहीं हुई। पिता ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस सांसद चंद्रशेखर के प्रभाव में उनके खिलाफ कार्रवाई करने से बच रही है।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध
रोहिणी ने सांसद चंद्रशेखर पर आरोप लगाया था कि साल 2020 में पढ़ाई के दौरान उन दोनों की एक दूसरे से जान-पहचान हुई थी। उस दौरान चंद्रशेखर ने खुद को अविवाहित बताकर विवाह का भरोसा दिलाया और रोहिणी के साथ शारीरिक संबंध बनाए। वह कई बार होटल और अपने आवास पर उन्हें बुलाते रहे और कहते थे कि जल्द ही शादी करेंगे। लेकिन बाद में पता चला कि चंद्रशेखर पहले से शादीशुदा हैं।

चंद्रशेखर ने रोहिणी के पिता को दिया राजनीति का ऑफर
रोहिणी के पिता का कहना है कि साल 2022 में चंद्रशेखर उनके घर आए थे और उन्हें भीम आर्मी में प्रदेश अध्यक्ष बनाने का लालच दिया था। लेकिन शुरु से ही कांग्रेस के लिए राजनीति करने वाले रोहिणी के पिता शिव घावरी ने इस ऑफर को ठुकरा दिया। साथ ही उन्होंने ये भी कहा कि इस दौरान रावण ने उनकी बेटी के साथ रिश्ते की कोई बात नहीं की थी। 

बाद में रोहिणी की मां ने पिता शिव घावरी को चंद्रशेखर और रोहिणी के रिश्ते की जानकारी दी। पहले तो उनका परिवार रिश्ते के पक्ष में था, लेकिन बाद में चंद्रशेखर के विवाहित होने का सच सामने आने पर उन्होंने इस रिश्ते से इंकार कर दिया। जिसके बाद रोहिणी के पिता ने आरोप लगाया कि इंकार करने के बावजूद चंद्रशेखर ने शादी का दबाव बनाया और मानसिक उत्पीड़न किया।

सांसद चंद्रशेखर ने भी भेजा मानहानि का नोटिस
रोहिणी के आरोप लगाने के बाद सांसद चंद्रशेखर आजाद ने उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है। बीते 9 सितंबर को उनके वकील ने यह नोटिस जारी किया, जिसमें रोहिणी के सोशल मीडिया पोस्टों का भी जिक्र किया गया। परिवार ने कहा कि वे कानूनी रूप से इसका जवाब तैयार कर रहे हैं।

रोहिणी ने की सख्त कार्रवाई की मांग
रोहिणी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्होंने कई बार दिल्ली पुलिस और महिला आयोग से शिकायत की लेकिन इसके बावजूद कहीं भी कोई भी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने रोते हुए कहा कि मेरे पास अब कोई रास्ता नहीं बचा है। हमारे देश में पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए आत्महत्या करनी पड़ती है। साथ ही उन्होंने सांसद चंद्रशेखर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।