प्रोजेक्ट आफिसर ने कहा नौकरी चाहिए तो 50 हजार लाइए, लोकायुक्त ने रंगे हाथ किया गिरफ्तार

सागर में आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर नौकरी लगवाने के लिए 50 हजार की रिश्वत लेते एक प्रोजेक्ट आफिसर को लोकायुक्त पुलिस ने पकड़ा, आरोपी ने फरियादी की पत्नी की नौकरी राहतगढ़ में आंगनवाडी केंद्र में लगवाने का दिया था झांसा

Updated: Jul 26, 2021, 12:28 PM IST

Photo Courtesy: Bhaskar
Photo Courtesy: Bhaskar

सागर। राहतगढ़ ब्लॉक के प्रोजेक्ट आफिसर अनुराग दुबे को लोकायुक्त पुलिस ने 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। आरोपी अफसर ने महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनवाड़ी सहायिका के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर फरियादी से 50 हजार रुपए की रकम की डिमांड की थी। महिला के पति हरिराम पटेल ने इसकी शिकायत सागर लोकायुक्त में कर दी। जिसके बाद लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी प्रोजेक्ट आफिसर को सोमवार दोपहर रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। महिला एवं बाल विकास के परियोजना अधिकारी ने राहतगढ़ में रिश्वत की रकम ली है। 

लोकायुक्त पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी हरिराम पटेल राहतगढ़ ब्लॉक के पीपरा गांव का रहने वाला है। उसकी पत्नी की पोस्टिंग उसी के पीपरा गांव में आंगनबाड़ी सहायिका को तौर पर करवाने के लिए आरोपी अनुराग दुबे ने 50 हजार रुपए मांगे थे। वह पैसे लिए बिना काम करने को तैयार नहीं था, जिससे तंग आकर फरियादी ने मामले की शिकायत सागर लोकायुक्त कार्यालय में कर दी। फरियादी की शिकायत सही पाए जाने पर सागर लोकायुक्त टीम आरोपी अफसर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अनुराग दुबे को लोकायुक्त पुलिस कोर्ट में पेश करने की तैयारी में हैं।

 

इनदिनों मध्यप्रदेश में रिश्वतखोरों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है, इस महीने आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को लोकायुक्त ने पकड़ा है। वहीं कई मामलों में आय से अधिक संपत्ति की शिकायत मिलने पर छापा मारा गया है। ग्वालियर, भोपाल, उमरिया, शहडोल से करोड़ों की संपत्ति का खुलासा हुआ है।