सलमान हत्याकांड: SP के आश्वासन पर सुपुर्द-ए-खाक के लिए माने परिजन, दिग्विजय सिंह रहली रवाना

दिग्विजय सिंह ने धरना समाप्त करते हुए बताया कि प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हम परिवार के साथ अब भी हैं। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर पुनर्विचार कर सकते हैं।

Updated: Nov 19, 2023, 06:05 PM IST

खजुराहो/रहली। छतरपुर जिले की राजनगर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ता सलमान खान की हत्या के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने धरना समाप्त कर दिया है। सलमान के परिजन एसपी अमित सांघी के आश्वासन के बाद शव को सुपुर्दे खाक करने के लिए तैयार हुए।

दिग्विजय सिंह ने धरना खत्म करते हुए बताया कि प्रशासन ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है। हम परिवार के साथ अब भी हैं। अगर कार्रवाई नहीं हुई तो धरने पर पुनर्विचार कर सकते हैं। सिंह सलमान खान के अंतिम संस्कार में भी शामिल हुए। खजुराहो से देर शाम पूर्व सीएम सागर जिले के रहली विधानसभा के गढ़ाकोटा लिए रवाना हुए। इससे पहले सिंह खजुराहो में 24 घंटे से अधिक समय से धरने पर बैठे थे और रात में थाने के बाहर ही खाट लगाकर सोए थे। सलमान के अंतिम संस्कार में शामिल हुए दिग्विजय सिंह 

सिंह ने कहा कि अब यहां से सीधे रहली के गढ़ाकोटा जाऊंगा, जहां कांग्रेस प्रत्याशी ज्योति पटेल पर गोपाल भार्गव के गुर्गों ने हमला किया है। ज्योति पटेल की छह गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया है। कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं के हाथ पैर तोड़ दिए गए हैं। इसलिए अभी मैं भोपाल जाने की बजाए रहली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करने जाऊंगा। सिंह के आने की खबर लगते ही छतरपुर के बाद अब सागर जिले की सियासत गरमा गई है। 

पीसीसी चीफ कमलनाथ ने भी रविवार को रहली में कांग्रेस प्रत्याशी के ऊपर हमले की नींद की थी। उन्होंने सागर प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा था कि वे तत्काल कांग्रेस प्रत्याशी को पूर्ण सुरक्षा उपलब्ध कराएं और हमलावरों पर तेजी से कार्रवाई करें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे इस संघर्ष के दौर में अकेले नहीं है, पूरी कांग्रेस पार्टी उनके साथ है। हम सबको एकजुट होकर इस अन्याय का मुकाबला करना है। यह हार से पहले भारतीय जनता पार्टी की बौखलाहट है जो हिंसा के रूप में सामने आ रही है। लेकिन कांग्रेस का कार्यकर्ता इन सब चीजों से डरने वाला नहीं है और भाजपा की गुंडागर्दी को माकूल जवाब देगा।