भोपाल में मुस्लिम युवक का शॉर्ट एनकाउंटर, हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बीच पुलिस ने की कार्रवाई

भोपाल में हत्या के आरोपी आसिफ उर्फ बम का शॉर्ट एनकाउंटर कर उसे पकड़ लिया गया है। बुधवार को हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बीच यह कार्रवाई की गई।

Updated: Apr 01, 2026, 03:40 PM IST

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में हत्या के आरोप में एक मुस्लिम युवक का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है। पुलिस ने यह कार्रवाई हिंदू संगठनों के प्रदर्शन के बीच की है। ऐसे में यह सवाल खड़े हो रहे हैं कि कहीं पुलिस ने दबाव में आकर हत्यारोपी मुस्लिम युवक की शॉर्ट एनकाउंटर तो नहीं की है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक आरोपी आसिफ उर्फ बम को गिरफ्तार करने के बाद पुलिस टीम उसे भोपाल ला रही थी। पुलिस का दावा है कि इसी दौरान रातीबड़ इलाके के पास उसने अचानक पुलिस को चकमा देकर फरार होने की कोशिश की। पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना, जिसके बाद हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को गोली चलानी पड़ी।

पुलिस की गोली आसिफ के पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया और घायल हालत में इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज चल रहा है। बता दें कि आसिफ उर्फ बम पर हाल ही में एक सनसनीखेज हत्या का आरोप है। बीते रविवार की रात अशोका गार्डन इलाके में मामूली विवाद के बाद उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर 35 साल के चाय कारोबारी पर कथित रूप से चाकू से हमला कर दिया था। इस हमले में कारोबारी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया था।

घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की थी। इसी क्रम में आसिफ को पकड़ा गया था। पुलिस उसे आगे की पूछताछ के लिए भोपाल ला रही थी, लेकिन रास्ते में उसने भागने की कोशिश की। पुलिस का कहना है कि आरोपी के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है और उसके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

उधर, हत्या के विरोध में बुधवार को ही सकल हिंदू समाज के आह्वान पर हिंदू उत्सव समिति, बजरंग दल सहित विभिन्न संगठनों के प्रदर्शनकारियों ने रोशनपुरा चौराहे पर बैरिकेडिंग तोड़ दी और मुख्यमंत्री निवास की ओर कूच करने लगे। वे मुख्यमंत्री निवास से महज 100 मीटर दूर पॉलिटेक्निक चौराहे तक पहुंच गए। भारी पुलिस बल ने यहां मोर्चा संभाल रखा है और प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया गया है। ऐसे में प्रदर्शकारियों ने चक्काजाम कर दिया।