बच्चों की खातिर पैसा वापस कर देना... पन्ना में कपड़ा व्यापारी ने पत्नी की हत्या के बाद खुद को मारी गोली

आत्महत्या से पहले मृतक संजय सेठ ने खुद की एक वीडियो भी बनाई है। इसमें वो रोते हुए उन लोगों के नाम ले रहे हैं, जिन्होंने उनका कर्ज नहीं चुकाया। वीडियो में संजय कह रहे हैं, 'मेरे बच्चों की खातिर मेरा पैसा वापस कर देना प्लीज।'

Updated: Jan 29, 2023, 11:42 AM IST

पन्ना। मध्य प्रदेश के पन्ना से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। शहर के प्रतिष्ठित कपड़ा व्यवसायी ने पत्नी समेत खुद को गोली मारकर जान दे दी। दोनों के ही सीने के पास गोली लगी हुई थी। दोनों की लाशें घर में पाई गई। माना जा रहा है कि व्यवसायी ने पहले पत्नी को गोली मारी, फिर स्वयं गोली मारकर आत्महत्या कर ली। 

रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है। जिसके आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। मृतक संजय सेठ बागेश्वर धाम सरकार के भक्त थे। उन्होंने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि गुरुजी माफ करना। अगला जन्म यदि मिले तो आपके पक्के भक्त में ही मिले। आत्महत्या से पहले मृतक संजय सेठ ने खुद की एक वीडियो भी बनाई है। इसमें वो रोते हुए उन लोगों के नाम ले रहे हैं, जिन्होंने उनका कर्ज नहीं चुकाया।

वीडियो में संजय कह रहे हैं, 'मेरे बच्चों की खातिर मेरा पैसा वापस कर देना प्लीज। मेरी बिटिया की शादी 50 लाख से 1 करोड़ में करें। मेरी बेटी के खाते में पैसा है। लॉकर में 29 लाख रखा है। मैं और मेरी धर्मपत्नी दोनों जा रहे हैं। अब नहीं जी पा रहे हैं। जेवर बहुत सारा है बिटिया के लिये। मेरे बच्चों माफ करना अब नहीं जी पा रहा।'

यह भी पढ़ें: शिक्षक की अश्लील हरकतों से परेशान छात्राओं का फूटा गुस्सा, पहले की पिटाई फिर पुलिस को बुलाया

जानकारी के मुताबिक, संजय सेठ अपनी पत्नी मीनू के साथ किशोरगंज इलाके में रहते थे। घटना के वक्त घर की दूसरी मंजिल के कमरे में संजय और मीनू दोनों ही थे। गोली की आवाज सुनते ही परिवार के अन्य लोग ऊपर पहुंचे, तब तक मीनू ने दम तोड़ दिया था। हालांकि, संजय की सांसें चल रही थी। अस्पताल ले जाने से पहले ही संजय ने भी दम तोड़ दिया।

मामले में पन्ना एसपी धर्मराज मीणा ने बताया कि साईं मंदिर के पास व्यापारी संजय सेठ ने आत्महत्या की है। बहुत दुखद घटना है और इस मामले में हमारी जांच चल रही है। फिलहाल किसी बाहरी शख्स पर हत्या या आत्महत्या के लिए उकसाने का शक नहीं है। पत्नी-पति ही उस कमरे में थे और कोई नहीं आया। लेकिन फिर भी इस मामले की सारे एंगल से जांच कर रहे हैं।